पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को गहरा झटका देने वाली घटना सामने आई है। एक प्राइवेट स्लीपर बस में एक महिला के साथ ड्राइवर और हेल्पर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीडि़ता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता नांगलोई क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करती है। घटना वाली रात वह फैक्ट्री से पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़ी एक प्राइवेट स्लीपर बस के ड्राइवर सुदेश (30 वर्ष) और हेल्पर अमन (26 वर्ष) ने उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया। आरोप है कि दोनों ने महिला को करीब सात किलोमीटर तक बस में घुमाया। इसी दौरान उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद रात करीब 2 बजे आरोपियों ने महिला को सडक़ पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
पीडि़ता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बस को भी जब्त कर लिया है। महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है








