इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 56वें मैच में गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अर्धशतकीय पारी (61) खेली। यह उनका मौजूदा सीजन में लगातार तीसरा अर्धशतक रहा। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने आईपीएल 2026 में 500 रन भी पूरे किए। वह इस सीजन में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
शुभमन गिल (5) और जोस बटलर (7) के जल्दी आउट होने के बाद सुदर्शन ने संभलकर बल्लेबाजी की। अपनी शुरुआती 15 गेंदों में 13 रन बनाने वाले सुदर्शन ने क्रीज पर टिकने के बाद रन गति में इजाफा किया। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने वाशिंगटन सुंदर के साथ 60 रन की साझेदारी निभाई। वह 44 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की बदौलत 61 रन बनाकर आउट हुए।
सुदर्शन ने आईपीएल 2026 में 12 पारियों में 41.75 की औसत और 155.10 की स्ट्राइक रेट के साथ 501 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए। गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों में उनके बाद गिल ने 467 रन बनाए हैं।
सुदर्शन ने पहला आईपीएल मुकाबला 2022 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 52 मैच खेले हैं और इसकी 52 पारियों में लगभग 48 की औसत से 2,250 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 17 अर्धशतक के अलावा 3 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 108* रन रहा है। आईपीएल 2025 में उन्होंने 15 पारियों में 54.21 की औसत से 759 रन बनाए थे।
सुदर्शन लगातार 3 सीजन में 500 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शुमार हुए। उनसे पहले डेविड वार्नर, केएल राहुल, क्रिस गेल, शिखर धवन और विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं।








