शाहिद कपूर की कॉमेडी फिल्म तैयार, पहली बार जाह्नवी कपूर के साथ करेंगे रोमांस

Join Us

बॉलीवुड गलियारों से एक ऐसी खबर सामने आ रही है, जिसने प्रशंसकों के उत्साह को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। दरअसल, शाहिद कपूर को अब अपनी अगली फिल्म के लिए नई हीरोइन मिल गई है। चर्चा है कि बधाई हो जैसी सुपरहिट फिल्म देने वाले निर्देशन अमित शर्मा ने अपनी अगली बड़े बजट की फिल्म के लिए जाह्नवी कपूर से संपर्क किया है। पर्दे पर पहली बार शाहिद और जाह्नवी की जोड़ी देखने को मिलेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में शाहिद के अपोजिट लीड रोल निभाने के लिए जाह्नवी से बातचीत अंतिम चरण में है। बधाई हो और मैदान जैसी फिल्में देने वाले निर्देशक अमित शर्मा इस फिल्म का निर्देशन करेंगे। ये एक रिलेशनशिप कॉमेडी फिल्म होगी, जो प्यार और रिश्तों पर आज के युवाओं के नजरिए को एक नए और मजेदार अंदाज में पेश करेगी। अगर बात बन गई ये पहला मौका होगा, जब शाहिद और जाह्नवी की केमिस्ट्री दर्शकों को देखने को मिलेगी।
इस फिल्म की कहानी एक बहुत ही मजेदार और आम लोगों से जुड़ी प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है। ये पूरी तरह से एक जबरदस्त कॉमेडी फिल्म होगी। शाहिद भी काफी समय बाद इस तरह के मजेदार विषय पर लौट रहे हैं और वो इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। गंभीर भूमिकाएं निभाने के बाद दर्शकों को एक बार फिर पर्दे पर शाहिद का वही पुराना मजाकिया और बेमिसाल अंदाज देखने को मिलेगा।
अमित शर्मा अपनी कहानियों में कॉमेडी और भावनाओं का बेहतरीन तालमेल बिठाने में माहिर हैं। यही वजह है कि शाहिद-जाह्नवी की इस नई जोड़ी को लेकर काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं। खबरों की मानें तो ये फिल्म अक्टूबर 2026 में शुरू हो सकती है। शाहिद फिलहाल राज और डीके की वेब सीरीज फर्जी 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं और उसे पूरा करने के बाद ही इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगे। फिलहाल फिल्म की तैयारियां जोरों पर हैं।
अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो इस साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी और इसे 2027 में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी चीजें सही बैठीं तो बॉलीवुड की ये नई जोड़ी बड़े पर्दे पर धमाल मचा देगी। उधर जाह्नवी फिलहाल अपनी आने वाली फिल्म पेड्डी में व्यस्त हैं, जिसमें वो दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण के साथ नजर आने वाली हैं।

Previous articleबॉक्स ऑफिस पर राजा शिवाजी की दहाड़ जारी, लाखों में सिमटी धुरंधर 2 और पैट्रियट की कमाई