फिल्म बंदर का टीजर जारी, डेटिंग ऐप के चक्कर में घनचक्कर बने बॉबी देओल

Join Us

अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म बंदर का टीजर जारी हो गया है। इसमें मुख्य किरदार निभा रहे बॉबी देओल का बिल्कुल अलग अवतार देखने को मिला है, जो पहले कभी नहीं दिखा। इसका वर्ल्ड प्रीमियर प्रतिष्ठित टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में हुआ था, जहां फिल्म ने वैश्विक स्तार पर तारीफें बटोरी थीं। जी स्टूडियो द्वारा निर्मित यह फिल्म 5 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
फिल्म का टीजर 1 मिनट 22 सेकंड लंबा है, जिसकी शुरुआत बॉबी से होती है। चमकीले कपड़े और चश्मा लगाकर वह एक क्लब में एंट्री करते हैं और गिटार की धुन पर सबको नचाते हैं। कहानी मोड़ लेती है, जब वह डेटिंग ऐप के झमेले में फंसकर बंदर, यानी मूर्ख बन जाते हैं। उन्हें जेल जाना पड़ता है। कुल मिलाकर कहानी फर्जी डेटिंग ऐप के आसपास घूमती है। सान्या मल्होत्रा, सबा आजाद और सपना पब्बी भी फिल्म का हिस्सा हैं।
अनुराग कश्यप के निर्देशन में तैयार यह फिल्म आधुनिक भारत के मी टू आंदोलन के बाद उपजे पेचीदा हालातों और उसके सामाजिक-कानूनी परिणामों की पड़ताल करती है। कहानी का केंद्र समर है, जो कभी टेलीविजन का चमकता सितारा हुआ करता था, लेकिन अब उसका करियर पतन की ओर है। तनाव तब बढ़ता है जब समर की पूर्व प्रेमिका गायत्री उन पर बलात्कार जैसा गंभीर आरोप लगा देती है। यह कानूनी कार्रवाई तब होती है जब समर उससे सारे रिश्ते खत्म कर लेता है। इसके बाद शुरू होता है समर की गिरफ्तारी और कानूनी दांव-पेंचों का एक ऐसा अंतहीन सिलसिला, जहाँ व्यवस्था का लक्ष्य न्याय करना नहीं, बल्कि उसे कुचलना प्रतीत होता है। यह फिल्म सत्ता के बेजा इस्तेमाल, सिस्टम के भीतर फैले भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं को बेहद तीखे और बेबाक अंदाज में पेश करने का दावा करती है।
बंदर की कहानी को और भी मजबूती देती है इसकी राइटिंग टीम। इसे सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी की मशहूर जोड़ी ने लिखा है, जो पाताल लोक, कोहरा और उड़ता पंजाब जैसी सघन कहानियों के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी और अनुराग कश्यप के डायरेक्शन का मेल फिल्म में एक अलग तरह की इंटेंसिटी पैदा कर रहा है। टीजऱ की लय जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, सस्पेंस और पागलपन का ग्राफ तेजी से ऊपर जाता है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देता है कि आखिर बंदर की असली बिसात क्या है।
फिल्म में केवल बॉबी देओल ही नहीं, बल्कि कलाकारों की एक पूरी फौज है जो अपनी एक्टिंग के लिए मशहूर है। सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आज़ाद और जितेंद्र जोशी जैसे सितारों की मौजूदगी इसे एक पावर-पैक प्रोजेक्ट बनाती है। निखिल द्विवेदी की सैफरन मैजिकवर्क्स द्वारा निर्मित और जी स्टूडियोज के सहयोग से बनी यह फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। एनिमल की सफलता के बाद बॉबी देओल को इस बिल्कुल नए और अतरंगी अवतार में देखना उनके फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होने वाला है।

Previous articleसंजय दत्त की फिल्म आखिरी सवाल को मिली नई रिलीज तारीख, आज आएगा ट्रेलर
Next articleमानुषी छिल्लर के साथ हिमेश रेशमिया जमाएंगे रंग, शराब का फस्र्ट लुक आउट