रितेश देशमुख की मच अवेटेड फिल्म ‘राजा शिवाजी’ इस 1 मई को सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में रितेश ने न केवल लीड रोल प्ले किया बल्कि इसे निर्देशित भी किया है. संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री और जेनेलिया डिसूजा जैसे दमदार कलाकारों से सजी यह फिल्म भव्यता और स्टार पावर का बेहतरीन मिश्रण है. इस फिल्म में सुपरस्टार सलमान खान का कैमियो भी काफी इम्प्रेसिव है.
इन्हीं सब कारणों से दर्शक इस फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों में खींचे चले आ रहे हैं. हालांकि शानदार ओपनिंग के बाद दूसरे दिन यानी शनिवार को इसकी कमाई में मामूली गिरावट दर्ज की गई लेकिन तीसरे दिन यानी रविवार की छुट्टी का इसे फायदा मिला है. जानते हैं ‘राजा शिवाजी’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी संडे को कितना कलेक्शन किया है?
‘राजा शिवाजी’ सिनेमाघरों में मौजूद तमाम नई और कुछ हफ्तों पुरानी फिल्मों के बीच दर्शकों की पहली पसंद बन गई है. इस फिल्म का रिलीज से पहले ही काफी बज क्रिएट हो गया था और सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद इसे क्रिटिक्स और दर्शकों से शानदार रिव्यू मिला और इसी के साथ इसने पहले दिन 11.35 करोड़ का कलेक्शन कर डाला. वहीं दूसरे दिन यानी शनिवार को इस फिल्म ने 10.55 करोड़ की कमाई की.
वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को 12 करोड़ कमाए हैं. इसी के साथ ‘राजा शिवाजी’ की तीन दिनों की कुल कमाई अब 33.90 करोड़ रुपये हो गई है.
राजा शिवाजी’ ने भारत में रिलीज के तीन दिनों में कुल 33 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है और ये पहले ही मुक्ता बर्वे और नम्रता सांभराव की फिल्म नाच गा घुमा (23.55 करोड़) के घरेलू लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ चुकी है. वहीं अब इसने फिल्म क्रांतिज्योति विद्यालय मराठी मध्यम (28 करोड़), टाइमपास (30 करोड़) और ठाकरे (31.6 करोड़ ) और को पछाडक़र भारत में ऑल टाइम टॉप 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्मों की लिस्ट में 7वें नंबर पर पहुंच गई है. सिर्फ तीन दिनों में यह मराठी भाषा की फिल्मों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
साई और जुनैद की फिल्म एक दिन 3 दिनों में लडख़ड़ाने लगी है। फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये से ओपनिंग की थी, जिसके बाद दूसरे दिन 1 करोड़ और तीसरे दिन 1.70 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। आमिर खान प्रोडक्शन द्वारा निर्मित यह फिल्म 3 दिनों में सिर्फ 3.85 करोड़ रुपये कमा सकी है। उधर अक्षय कुमार की भूत बंगला ने 17वें दिन, यानी रविवार को 5.50 करोड़ कमाते हुए 1,42.50 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर लिया है।








