आज सुबह शारजाह से चेन्नई आ रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब एक यात्री ने चलती फ्लाइट का इमरजेंसी एग्जिट गेट खोल दिया और सीधे बाहर कूद गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर विमान में सवार अन्य यात्रियों के होश उड़ गए और पूरे एयरपोर्ट पर दहशत का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सांसें जरूर फूल गईं।
टैक्सीवे पर रेंग रहा था विमान, तभी अचानक कूद पड़ा यात्री
चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, यह चौंकाने वाली घटना लैंडिंग के ठीक बाद हुई। विमान मुख्य रनवे से सुरक्षित उतर चुका था और पूरी तरह रुकने से पहले टैक्सीवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। तभी अचानक एक पुरुष यात्री ने खौफनाक कदम उठाते हुए इमरजेंसी गेट खोला और बाहर छलांग लगा दी। एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जब यात्री कूदा, तब विमान धीरे-धीरे चल रहा था। राहत की बात यह रही कि इस दुस्साहसिक कृत्य से ना तो किसी यात्री को चोट आई और ना ही विमान को कोई नुकसान पहुंचा।
तबीयत बिगडऩे के कारण उठाया ये खौफनाक कदम!
आखिर इस यात्री ने अपनी जान जोखिम में डालकर ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके पीछे की वजह भी अब सामने आ रही है। एयरपोर्ट अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान इस यात्री की तबीयत अचानक काफी बिगड़ गई थी। उसे लगातार उल्टी जैसा महसूस हो रहा था और बताया जा रहा है कि उसने विमान के अंदर दो बार उल्टी भी की थी। अधिकारियों का मानना है कि अपनी इसी खराब शारीरिक स्थिति, बेचैनी और घबराहट के चलते यात्री ने विमान से कूदने का यह फैसला लिया।
सीआईएसएफ ने दबोचा, एक घंटे तक बंद रहा मुख्य रनवे
इस अप्रत्याशित घटना के तुरंत बाद फ्लाइट के पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए फौरन ग्राउंड सिक्योरिटी को अलर्ट कर दिया। मौके पर मुस्तैद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस यात्री को हिरासत में ले लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन पूछताछ के लिए उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस पूरे ड्रामे के कारण एयरपोर्ट का कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। एहतियात के तौर पर प्रशासन को सुबह 3:23 बजे से लेकर 4:23 बजे तक, यानी पूरे एक घंटे के लिए मुख्य रनवे को बंद रखना पड़ा और इस दौरान सभी उड़ानों को दूसरे रनवे पर डायवर्ट कर दिया गया।








