शर्वानांद की बाइकर ने ओटीटी पर दी दस्तक, हिंदी सहित 5 भाषाओं में घर बैठे देखें फिल्म

Join Us

साउथ एक्टर शरवानंद की फिल्म बाइकर को 3 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था. ये एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसका आइडिया दर्शकों को काफी पसंद आया. क्रिटिक्स ने भी फिल्म की तारीफ की, लेकिन इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर यह खास कमाल नहीं दिखा पाई. अब बाइकर सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर रिलीज हो गई है.
अभिलाष रेड्डी कंकरा के निर्देशन में बनी फिल्म बाइकर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक दे चुकी है. खास बात ये है कि ये फिल्म तेलुगु के साथ-साथ तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी उपलब्ध है. वहीं, अगर आप इसे हिंदी में देखना चाहते हैं तो ये शर्वा नाम से रिलीज होगी. मेकर्स ने बाइकर की ओटीटी रिलीज की अनाउंसमेंट करते हुए लिखा, भारत की पहली मोटोक्रॉस फि़ल्म देखें.
यूवी क्रिएशंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में राजशेखर, मालविका नायर और अतुल कुलकर्णी जैसे एक्टर्स भी नजर आ रहे हैं. घिबरन ने इस स्पोर्ट्स ड्रामा के लिए म्यूजिक़ कंपोज़ किया है. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, बाइकर ने बॉक्स ऑफिस पर 17.99 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि इस फिल्म का बजट 45 करोड़ रुपये था.
यह फिल्म मोटोक्रॉस रेसिंग (बाइक रेसिंग का एक खतरनाक खेल) की दुनिया पर आधारित है. कहानी एक ऐसे रेसर की है, जो इस खेल में अपना नाम बनाना चाहता है, लेकिन उस पर अपने पिता और परिवार की उम्मीदों का काफी बोझ है. उसके पिता खुद एक पुराने रेसर रह चुके हैं और चाहते हैं कि उनका बेटा दुनिया भर में नाम कमाए. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे वो एक बार रेसिंग छोड़ देता है और फिर किन हालातों में दोबारा ट्रैक पर वापसी करता है. इसमें खेल के साथ-साथ परिवार, प्यार और रिश्तों के बीच के संघर्ष को बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है.

Previous articleमहिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम घोषित, जानिए किन्हें मिला मौका
Next articleराजा शिवाजी बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: रितेश देशमुख की फिल्म ने की रिकॉर्ड तोड़ कमाई, पहले ही दिन छाप डाले इतने नोट