राजस्थान की शान और देश की सबसे लग्जरी ट्रेनों में शुमार ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। अपने 45 साल के लंबे इतिहास में पहली बार यह शाही ट्रेन मई महीने की चिलचिलाती गर्मी में पर्यटकों को सफर कराती नजर आएगी। आमतौर पर यह ट्रेन केवल सर्दियों और अनुकूल मौसम में ही संचालित की जाती रही है। बदलते वैश्विक हालातों और मध्य-पूर्व में तनाव के कारण विदेशी पर्यटकों की घटती संख्या को देखते हुए, राजस्थान के पर्यटन उद्योग को संजीवनी देने के लिए यह अनोखा और सकारात्मक प्रयोग किया जा रहा है।
एक बैंक ने बुक की पूरी शाही ट्रेन
एक राष्ट्रीयकृत बैंक ने अपने 84 विशेष सदस्यों को शाही सफर का अनुभव देने के लिए इस पूरी ट्रेन को बुक किया है। यह सफर 20 मई को देश की राजधानी दिल्ली से शुरू होगा और 21 मई की सुबह गुलाबी नगरी जयपुर पहुंचेगा। जयपुर स्टेशन पर इन खास मेहमानों के शानदार स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि ऑफ-सीजन में इस तरह की चार्टर यात्रा से न केवल होटल और ट्रैवल सेक्टर को बड़ा फायदा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारोबारियों को भी एक मजबूत आर्थिक सहारा मिलेगा।
गर्मी को मात देने के लिए मेन्यू में हुए बड़े बदलाव
मई की भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के अंदर यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। खानपान के मेन्यू को पूरी तरह से बदल दिया गया है ताकि सफर के दौरान यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके। ट्रेन के प्रवक्ता हृदयेश चानसोनिया और हेड शेफ राजेंद्र के अनुसार, ट्रेन जिस भी शहर से गुजरेगी वहां के मशहूर ठंडे पेय और व्यंजन यात्रियों को परोसे जाएंगे। सवाई माधोपुर में आम का पना, चित्तौडग़ढ़ में गुलाब की ठंडी खीर, उदयपुर में ठंडाई और जैसलमेर में खास ऑरेंज ड्रिंक का इंतजाम किया गया है। वहीं, जयपुर पहुंचने पर मेहमानों को लस्सी, कुल्फी और फालूदा जैसे पारंपरिक ठंडे व्यंजनों का स्वाद चखाया जाएगा।
लाखों में है इस आलीशान सफर का किराया
पैलेस ऑन व्हील्स को देश की सबसे महंगी और भव्य ट्रेन का दर्जा प्राप्त है। इसके सात रात और आठ दिन के पैकेज का किराया लाखों रुपये में होता है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन के प्रेसिडेंशियल सुइट का किराया करीब 2.67 लाख रुपये प्रतिदिन है, जो पूरे टूर के लिए लगभग 18.7 लाख रुपये बैठता है। इसी तरह सुइट श्रेणी के लिए कुल 15.3 लाख रुपये और सुपर डीलक्स केबिन के लिए 13.6 लाख रुपये खर्च करने होते हैं। इसके अलावा सिंगल ऑक्यूपेंसी डीलक्स केबिन का पूरा पैकेज करीब 7.7 लाख रुपये और डबल ऑक्यूपेंसी डीलक्स केबिन का खर्च प्रति व्यक्ति लगभग 5 लाख रुपये तक पहुंचता है।








