टीएमसी का दीया बुझने वाला..पीएम मोदी ने दमदम रैली से विपक्ष पर साधा निशाना

Join Us

 -बंगाल को कष्टों से मुक्ति का वादा
दमदम,(ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को प्रश्चिम बंगाल के दमदम में आयोजित जनसभा में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। दूसरे चरण के मतदान से पहले उन्होंने कहा कि “टीएमसी का दीया अब बुझने वाला है”, और राज्य में बदलाव की लहर स्पष्ट दिखाई दे रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान ने भाजपा के पक्ष में माहौल बना दिया है और यह “विजय का शंखनाद” है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने लोकतंत्र को कमजोर किया है, जबकि जनता अब उसे फिर से स्थापित करने के लिए आगे आ रही है। उन्होंने कहा कि “हर बुझता हुआ दीपक अंत में फडफ़ड़ाता है, वैसे ही टीएमसी भी बौखलाई हुई है।” पीएम मोदी ने जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सरकार बंगाल को “भय, भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज” से मुक्त कराएगी। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए सुभाष चंद्र बोस के आह्वान का जिक्र किया और इसे “नई क्रांति का समय” बताया, जिसमें जनता का एक-एक वोट निर्णायक होगा।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास मॉडल पर काम करती है और हर बेटी के सपनों की रक्षा का संकल्प लेती है। उन्होंने संदेशखाली की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने पीडि़त महिलाओं को नेतृत्व का अवसर दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कई योजनाओं का जिक्र करते हुए वादा किया कि राज्य में भाजपा सरकार बनने पर आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी, जिसके तहत लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को घर और महिलाओं के नाम पर संपत्ति का अधिकार देने की बात कही। ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोगों का बिजली बिल शून्य हो सकता है और सोलर पैनल लगाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।मध्यम वर्ग को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कर राहत, शिक्षा और आवास सुविधाओं में सुधार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स नहीं है और मेडिकल सीटों में वृद्धि से छात्रों को फायदा मिला है। अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए उनके विजन को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की विचारधारा में बंगाल की सोच और परंपरा की गहरी झलक है।

Previous articleआज का राशिफल
Next article19 साल की बेटी का खौफनाक कांड: मां का सिर काट डाला, फिर कटी गर्दन के साथ पूरी रात छिपी रही