ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने अपनी नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज लॉरेंस ऑफ पंजाब का ऐलान करते हुए ट्रेलर जारी किया है। इसकी कहानी कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई की जिंदगी और उत्थान पर आधारित है। इस डॉक्यूमेंट्री के निर्देशन की कमान राघव धर ने संभाली है, जिन्हें नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री मुंबई माफिया: पुलिस वर्सेज अंडरवर्ल्ड (2023) के लिए जाना जाता है। राघव खन्ना बतौर निर्माता इसके साथ जुड़े हैं। कहानी के जरिए सत्ता और प्रभाव की गतिशीलता का विश्लेषण किया गया है।
ट्रेलर 2 मिनट 12 सेकंड लंबा है, जिसमें पंजाब के अपराध जगत और बिश्नोई के छात्र राजनीति से एक कुख्यात अपराधी बनने तक के सफर को दिखाया गया है। इसके साथ कैप्शन दिया गया, कुछ बीते अखबारों की सुर्खियों में नाम बन जाते हैं, और खाली घरों में उनकी मां राह देखती रह जाती हैं। हर सफर को घर का रास्ता नहीं मिलता। सीरीज का प्रीमियर 27 अप्रैल को जी5 पर किया जाएगा, जिसका लुत्फ सब्सक्राइबर यूजर उठा सकेंगे।








