एलपीजी टैंकर दीवार तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा,मासूम की मौत,चार घायल

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। छोला मंदिर इलाके में एक एलपीजी टैंकर दीवार तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा, जिससे वहां सो रही 7 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हैं। घटना शनिवार रात की है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी ड्राइवर घटना के बाद से फरार है। टैंकर की चपेट में आने से दो अन्य मकानों में भी नुकसान हुआ है। घायलों का इलाज भानपुर के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, हादस के समय मोहल्ले के अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। अचानक तेज धमाके और चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। बताया जा रहा है कि टैंकर तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद टैंकर सीधे बस्ती में जा घुसा। बताया जा रहा है कि बच्ची एक घंटे तक पहिये के नीचे ही दबी रही। बाद में पुलिस की मौजूदगी में बॉडी को बाहर निकाला जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही छोला मंदिर और निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को एंबुलेंस के जरिए पीपल्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। साथ ही वाहन की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के समय वाहन की स्थिति क्या थी और कहीं कोई तकनीकी खराबी तो नहीं थी। लोगों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया है और घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

Previous articleबेटियों के सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है राज्य सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleगुरुग्राम में नकली ‘मौनजारो’ इंजेक्शन की बड़ी खेप पकड़ी गई, सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटा ड्रग कंट्रोल विभाग