बारुईपुर/भांगड़/सोनारपुर/हावड़ा,(आरएनएस)। हर रोज की तरह आज भी सीएम ममता बनर्जी ने राज्य के विभिन्न जगहों पर चुनावी सभाओं व रैली से केन्द्र की भाजपा नीत एनडीए सरकार पर हमला बोला। वहीं सीएम ममता ने बारुईपुर में कहा कि, केंद्र में भाजपा सरकार का पतन शुक्रवार से शुरू हो गया है, 2029 तक देश की में सत्ता में भाजपा नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बारुईपुर में बारुईपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार बिभास सरदार और बारुईपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बिमान बनर्जी के समर्थन में आयोजित की गई थी। रैली में बोलते हुए, उन्होंने आगे कहा कि शुक्रवार को लोकसभा ने महिलाओं से संबंधित एक विधेयक पारित करने का प्रयास किया, लेकिन इस प्रक्रिया में भाजपा सरकार को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने तर्क दिया कि केंद्र सरकार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनावों से पहले, केंद्रीय एजेंसियां जिनमें ईडी और सीबीआई शामिल हैं ने पार्टी को डराने के प्रयास में विभिन्न तृणमूल नेताओं के घरों पर छापे मार रही हैं। हालांकि, उन्होंने दृढ़ता से कहा कि तृणमूल ऐसी चालों से डरने वाली नहीं है। सीएम ममता कहा कि बीजेपी का पतन शुरू हो गया है। हमने बीजेपी को हरा दिया है। उनके पास अपने दम पर बहुमत नहीं है। वे दूसरों के समर्थन से सत्ता में बने हुए हैं। ममता बनर्जी ने यह तीखा हमला लोकसभा में पीएम मोदी की अगुवाई वाली सरकार की पहली विधायी हार के बाद बोला है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के संसदीय चुनावों से लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक शुक्रवार को संसद के निचले सदन में पारित नहीं हो पाया था। ममता बनर्जी परिसीमन पर बोलते हुए कहा कि बीजेपी देश को बांटना चाहती है। वहीं हावड़ा के उलुबेरिया स्थित पचला नेताजी संघ मैदान में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ईवीएम मशीनों की 1 से 1000 तक जांच होनी चाहिए। मशीन के हर बटन को दबाकर यह देखना चाहिए कि वोट सही ढंग से दर्ज हो रहा है या नहीं। वीवीपीएटी के बिना ईवीएम की जांच नहीं होनी चाहिए। मतदान के दिन वे जानबूझकर मशीनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
जब तक नई मशीन नहीं आ जाती, खराब मशीन पर मतदान न होने दें। अन्यथा, मशीन में चिप डाली जा सकती है। 4 मई को मतगणना के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, मतदान से लेकर मतगणना तक, वे धीमी गति से मतदान और धीमी गति से मतगणना करने की कोशिश करेंगे। पहले तो वे अफवाहें फैलाएंगे कि तृणमूल हार रही है। लेकिन अगर सूर्योदय भाजपा के साथ होता है, तो सूर्यास्त तृणमूल के साथ होगा। अंत में, आप देखेंगे कि तृणमूल जीत गई है। हम पहले से अधिक सीटें जीतेंगे। उन्होंने फिर कहा, डरो मत। भले ही दिन की शुरुआत भाजपा के साथ हो, अंत तृणमूल के साथ होगा। अंत में, तृणमूल ही जीतेगी और पहले से अधिक सीटों के साथ। अपना वोट खुद डालें।








