बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने साल 2026 में फिल्म भूत बंगला से खाता खोल लिया है. उनकी हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला थिएटर्स में चल पड़ी है. बीती 16 अप्रैल को फिल्म का पेड प्रीव्यू हुआ था. अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी पूरे 14 साल बाद लौटी है. फिल्म भूल भुलैया के बाद इस जोड़ी को भूत बंगला में देखा जा रहा है. प्रियदर्शन फिल्म के डायरेक्टर हैं और अक्षय कुमार से उनका पुराना नाता है. अब भूत बंगला ने एडवांस बुकिंग में मोटी कमाई करने के बाद अपने पेड प्रीव्यू कितना कलेक्शन किया है, चलिए जानते हैं. पेड प्रीव्यू की कमाई बता रही है कि फिल्म ओपनिंग डे पर शानदार कलेक्शन कर सकती है.
सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म भूत बंगला ने 3.50 से 3.75 करोड़ रुपये पेड प्रीव्यू से बटोरे हैं. फिल्म यह नेट कलेक्शन डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर किया है. अब पेड प्रीव्यू कलेक्शन आने के बाद फिल्म से बड़ी ओपनिंग की उम्मीद लगाई जा रही है. फिल्म को सोशल मीडिया पर शानदार रिस्पॉन्स और रिव्यू मिल रहा है. फिल्म एनालिस्ट भी कॉमेडी की इस क्लासिक जोड़ी की फिल्म को मजेदार बता रहे हैं. एनालिस्ट का कहना है कि नॉन-हॉलीडे वीक में रिलीज होने के बाद भी फिल्म अच्छा कलेक्शन करने जा रही है. रिपोर्ट्स की मानें तो अक्षय कुमार भूत बंगला से 15 करोड़ रुपये की ओपनिंग करने वाले हैं. बता दें, अक्षय कुमार की पिछली फिल्म जॉली एलएलबी 3 (2025) ने 12.50 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी.
इधर, बॉक्स ऑफिस पर अभी भी करोड़ों में कमा रही रणवीर सिंह की धुरंधर 2 ने चार हफ्ते पूरे कर लिए हैं और धुरंधर 2 के क्रेज के बीच भी भूत बंगला शानदार कमाई करती दिख रही है. धुरंधर 2 ने डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं,फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस टोटल 1738 करोड़ रुपये हो गया है. बता दें, धुरंधर 2 के क्रेज से भूत बंगला पर कोई असर नहीं दिख रहा है. फिल्म की कास्ट की बात करें तो इसमें अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, परेश रावल, राजपाल यादव, मिथिला पालकर और राजेश शर्मा अहम रोल में हैं.







