ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 15 साल बाद बांग्लादेश में खेलेगी वनडे सीरीज, जानिए पूरा शेड्यूल

Join Us

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम इस साल जून के महीने में बांग्लादेश में वनडे और टी-20 सीरीज खेलेगी। सीरीज में 3 वनडे और 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। साल 2011 के बाद यह पहला मौका होगा जब कंगारू टीम बांग्लादेश की धरती पर कोई वनडे सीरीज खेलेगी। ये मुकाबले ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम और चटगांव के मतीउर रहमान स्टेडियम में आयोजित होंगे। ऐसे में आइए पूरी खबर पर एक नजर डाल लेते हैं।
सीरीज के वनडे मुकाबले 9, 11 और 14 जून को होंगे। ये सभी मैच ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज होगी। ये मैच 17, 19 और 21 जून को चटगांव के मतीउर रहमान स्टेडियम में होंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, एक नया प्रसारण अधिकार समझौता किया गया है, ताकि इन मुकाबलों को देखने में ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों को परेशानी न हों और वे सभी मैच आसानी से देख सकें।
बांग्लादेश दौरे से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम ब्रिस्बेन में प्रशिक्षण शिविर लगाएगी, जिसकी पुष्टि राष्ट्रीय चयनकर्ता जॉर्ज बेली पहले ही कर चुके हैं। बांग्लादेश में होने वाले वनडे मुकाबले ऑस्ट्रेलिया के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि टीम 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों में जुटी है, जो दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया ने अब तक बांग्लादेश की जमीन पर कोई भी द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं हारी है।
बांग्लादेश दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टीम इस साल फरवरी में हुए टी-20 विश्व कप के बाद अपना पहला मुकाबला खेलेगी, जहां उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। टीम को जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, जिसके चलते वह ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई थी। वहीं, बांग्लादेश की टीम अगस्त में 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। खास बात यह है कि बांग्लादेश 2003 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।

Previous articleन्यूजीलैंड ने पहले वनडे में बांग्लादेश को हराया, सीरीज में 1-0 से बनाई बढ़त
Next articleआईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं विराट कोहली, जानिए आंकड़े