भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया

Join Us

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के 27वें मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 175/7 का स्कोर बनाया। भारत से ईशान किशन ने सर्वाधिक 77 रन की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 25 रन देते हुए 3 विकेट लिए।
किशन ने पारी का दूसरा ओवर करने आए शाहीन अफरीदी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए। प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान ने नई गेंद से भी अपने स्पिनरों से गेंदबाजी कराई और किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। बेहतर लय में नजर आ रहे किशन 40 गेंदों में 77 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर 87 रन की साझेदारी की।
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा लगातार दूसरे मुकाबले में अपना खाता खोले बिना आउट हुए। क्रिकबज के अनुसार, अभिषेक अपने पहले 2 टी-20 विश्व कप मैचों (फुल मेंबर्स) में डक पर आउट होने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। वह इस सूची में आशीष नेहरा और इमरुल कायेस के साथ शामिल हो गए। इस प्रारूप में अभिषेक के पिछले 6 स्कोर 0(4), 0(1), 30(16), 0(1), 68*(20), और 0(1) रन रहे हैं।
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया। इससे पहले 2022 के संकरण में भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध 160/6 का स्कोर बनाया था।
भारत को अभिषेक (0) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए तिलक ने 24 गेंदों में 25 रन की पारी खेली। कप्तान सूर्यकुमार यादव 29 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके लगाए। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अपना खाता भी नहीं खोल सके। शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेली। रिंकू सिंह ने 4 गेंदों में नाबाद 11 रन बनाए।

Previous articleटी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बने ईशान किशन
Next articleटी-20 विश्व कप 2026: यूएसए ने लगातार दूसरे मुकाबले में दर्ज की जीत, ये बने रिकॉर्ड्स