किश्तवाड़, (ए.)। उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शनिवार को जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ जिले का दौरा किया और आतंकवाद-रोधी ग्रिड की समीक्षा करते हुए चल रहे आतंकवाद-विरोधी अभियान में सैनिकों के अटूट संकल्प की सराहना की। जिले में छिपे जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों के एक समूह को मार गिराने के लिए मुठभेड़ जारी है।अधिकारियों ने बताया कि सेना कमांडर का यह पहाड़ी जिले का दौरा गुरुवार को जम्मू क्षेत्र में बदलती सुरक्षा स्थितियों की उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा के बाद हुआ है जिसमें आतंकवाद-रोधी ग्रिड को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया था। कमान मुख्यालय ने एक्स के माध्यम से बताया, “उत्तरी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने आज किश्तवाड़ का दौरा कर आतंकवाद-रोधी ग्रिड और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की।”
सेना कमांडर ने जमीनी कमांडरों और सैनिकों से बातचीत करते हुए चल रहे प्रयासों में उनके अटूट संकल्प की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को उत्तरी सेना के कमांडर ने जम्मू में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की और जम्मू क्षेत्र में विकसित हो रही सुरक्षा स्थितियों की समीक्षा की जिसमें आतंकवाद विरोधी तंत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया।








