भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खलाफ चौथे टी-20 मैच में अर्धशतक (65) लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 5वां अर्धशतक साबित हुआ। इस बीच वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। हालांकि, उनकी पारी के बावजूद भारतीय टीम को 50 रन से मैच में हार मिली। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जब भारत ने 63 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब दुबे क्रीज पर आए। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाते हुए जोरदार शुरुआत की। उन्होंने ईश सोढ़ी के एक ओवर में ही 2 चौके और 3 छक्के भी लगाए और सिर्फ 15 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 23 गेंदों पर 65 की पारी खेलकर रन आउट हुए। उन्होंने 3 चौके और 7 छक्के भी लगाए।
दुबे के 15 गेंदों में 50 रन अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा बनाया गया तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है। भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अभी भी युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 19 सितंबर, 2007 को डरबन में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों में 50 रन बनाए थे। अभिषेक शर्मा ने 25 जनवरी, 2026 को गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के खिलाफ 14 गेंदों में अर्धशतक लगाए थे।
दुबे ने 282.60 की स्ट्राइक रेट से अपनी ये अर्धशतकीय पारी खेली। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट (50+ रन) रखने वाले बल्लेबाजों में शुमार हुए। उनसे आगे इस सूची में युवराज सिंह (16 गेंदों पर 362.50 की स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाम इंग्लैंड, 2007) और अभिषेक शर्मा (20 गेंदों पर 340 की स्ट्राइक रेट से 68* बनाम न्यूजीलैंड, 2026) हैं।
न्यूजीलैंड को डेवोन कॉनवे (44) और साइफर्ट (62) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। मध्यक्रम में ग्लेन फिलिप्स 16 गेंदों में 24 रन और आखिरी ओवरों के दौरान डेरिल मिचेल ने 18 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 215/7 तक पहुंचाया। जवाब में भारत से अभिषेक शर्मा (0), सूर्यकुमार यादव (8) और हार्दिक पांड्या (4) के जल्दी आउट होने के बाद रिंकू सिंह (39) और शिवम दुबे (65) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम 165 रन पर सिमट गई।
शिवम ने पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 54 मुकाबले खेले हैं और इसकी 39 पारियों में 28.80 की औसत और 149.20 की स्ट्राइक रेट से 749 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 65 रन रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 8 पारियों में 25.16 की औसत से 151 रन बनाए हैं।








