चांदी की कीमतों में 5900 रुपये का उछाल, सोने में भी तेजी; जानें सर्राफा बाजार का पूरा हाल

Join Us

नई दिल्ली (ए.)। लगातार दो सत्रों में भारी मुनाफावसूली के बाद शुक्रवार को कमोडिटी बाजार में चांदी की कीमतों में फिर से जोरदार वापसी दिखी। वैल्यू बाइंग (निचले स्तर पर की गई खरीदारी) के कारण मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चांदी की वायदा कीमतों में 2 प्रतिशत से अधिक का उछाल आया। वहीं, वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच सोने की कीमतों में भी तेजी दिखी।
चांदी में लौटी चमक, 2.5 लाख रुपये के करीब भाव
शुक्रवार को एमसीएक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 5,898 रुपये या 2.42 प्रतिशत की उछाल के साथ 2,49,222 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को चांदी 2,43,324 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। यह तेजी महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि पिछले दो कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई थी। चांदी ने मंगलवार को 2,58,811 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से 15,487 रुपये या 6 प्रतिशत तक नीचे गिरी थी। शुक्रवार की खरीदारी ने इस गिरावट को काफी हद तक पाट दिया है।
सोने की कीमतों में भी तेजी
चांदी के साथ-साथ सोने में भी तेजी दिखी। एमसीएक्स पर फरवरी कॉन्ट्रैक्ट वाला सोना 783 रुपये या 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,38,525 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मजबूती का रुख रहा। कॉमेक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 21.74 डॉलर या 0.49 प्रतिशत बढक़र 4,482.44 डॉलर प्रति औंस हो गया। रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी के अनुसार, भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका में आने वाले प्रमुख रोजगार आंकड़ों के चलते निवेशकों की नजर सोने पर टिकी है, जिससे कीमतें 4,480 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर हैं।

Previous articleएशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार
Next articleमुंबई के मशहूर वड़ा पाव को याद कर भावुक हुई एक्ट्रेस सुरभि चंदना