हाईवे के लिए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने तुड़वा दिया था ससुर का मकान

Join Us

नई दिल्ली(आरएनएस)। केंद्रीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पूरे देश में हाइवे का निर्माण करावा रहे हैं जिससे आवागमन सुगम हो रहा है। वहीं हाइवे के लिए उन्होंने अपने ससुर का ही मकान तुड़वा दिया। वह दिल्ली में अपने सरकारी आवास परिसर में भी छोटे आकार में खेती करते हैं। यहां वे मिर्चियां उगाते हैं। साथ ही उनकी पत्नी महाराष्ट्र में ऑर्गेनिक खेती करती हैं। गडकरी ने फिल्म निर्देशक और कोरियोग्राफर फराह खान के वीडियो ब्लॉग में इन बातों का जिक्र किया।
पॉडकास्ट में केंद्रीय मंत्री गडकरी की पत्नी ने बताया कि हाईवे बनाने के लिए एक बार उनके मायके का घर चला गया था। इस बात पर गडकरी ने आगे कहा कि हां, इनके पिताजी का घर तोडऩा पड़ा था। चूने की रेखा डाली और पूरा घर तोड़ दिया। बदले में कुछ मुआवजा दिया था। गडकरी ने कहा कि अगले 15 दिन में दिल्ली से देहरादून फ्लाइट तो बंद हो जाएगी क्योंकि दो घंटे में लोग यह दूरी सडक़ से ही तय कर सकेंगे। हाईवे बनकर तैयार है।
गडकरी ने बताया कि उनकी पत्नी महाराष्ट्र में जो ऑर्गेनिक खेती करती हैं, उसमें एक किलो के बैंगन और एक किलो के प्याज की पैदावार हुई है। वहां ऑर्गेनिक सब्जियां, अरहर की दाल और चने की दाल भी उगाते हैं। खेती में एआई का इस्तेमाल किया जाता है। गूगल-माइक्रोसॉफ्ट की मदद से खेती की सैटैलाइट तस्वीर निकालते हैं। उस हिसाब से सिंचाई करते हैं। उन्होंने बताया कि हम अपने सरकारी बंगले के परिसर में भी खेती करते हैं और मिर्ची वगैरह उगाते हैं। बंगले पर 15-17 मोर कुछ न कुछ खाने के लिए आते हैं। सोनिया गांधी उनकी पड़ोसी हैं। दूसरी तरफ पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का बंगला था।
उन्होंने बताया कि हमारी जिंदगी मध्यमवर्गीय परिवार की सामान्य जिंदगी है। हमारा मानना है कि भगवान ने हमें जो दिया है, वह हमारी हैसियत से ज्यादा है। हम उसमें खुश रहते हैं। जनप्रतिनिधि होने के नाते कभी-कभी नागपुर में पांच हजार लोग भी मिलने के लिए आते हैं। हम आखिरी व्यक्ति से भी मिलते हैं, भले ही आधा मिनट बात हो। उन्होंने कहा कि मैंने बेटे से भी कहा है कि जिन कार्यकर्ताओं ने मुझे बड़ा बनाया है, मेरी राजनीतिक विरासत पर उनका अधिकार है।

Previous articleप्रयागराज में माघ मेला-2026 का शुभारंभ, कड़ाके की ठंड में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
Next articleमालवीय, वाजपेयी सही मायने में राजनेता थे : राजनाथ सिंह