टीबी उन्मूलन अभियान में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य  की सराहनीय पहल

Join Us

निक्षय मित्र बनकर पाँच टीबी मरीजों को गोद लिया पोषण आहार सहायता प्रदान की

सीहोर । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, चंद्रशेखर आज़ाद शासकीय अग्रणी महाविद्यालय, सीहोर के प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा ने टीबी उन्मूलन हेतु संचालित जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए निक्षय मित्र के रूप में पाँच टीबी मरीजों को गोद लिया है। साथ ही उन्होंने उपचार अवधि के दौरान उनके पोषण आहार सहयोग की जिम्मेदारी भी स्वयं ली है।
कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार गोद लिए गए मरीजों को उनके निवास पर जाकर फूड बास्केट उपलब्ध कराए गए। मरीजों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इन फूड बास्केट में हाई प्रोटीन डाइट, पौष्टिक अनाज, दालें एवं अन्य आवश्यक पोषण सामग्री शामिल की गई है। इन मरीजों को लगातार दो माह तक पोषण आहार सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें।
इस अवसर पर डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा ने कहा कि यह पहल केवल सहायता नहीं, बल्कि एक सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि “टीबी रोग को हराना और देश को जिताना हम सभी का कर्तव्य है। सीहोर जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।”
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के डॉ. मौली थॉमस, डॉ. मनोज कुमार शर्मा एवं डॉ. सतीश शर्मा उपस्थित रहे।

Previous articleसंगठन को सशक्त बनाने की दिशा में जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने प्रितेश राठौर को भाजपा जिला मीडिया प्रभारी की सौंपी ज़िम्मेदारी
Next articleशिव वाटिका में पौधा रोपण का आयोजन, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कराए 21 पौधे रोपित