शिल्पा शेट्टी के आलीशान बैस्टियन पब पर इनकम टैक्स का छापा, टैक्स चोरी के आरोपों से मचा हडक़ंप

Join Us

बेंगलुरु (आरएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के स्वामित्व वाले बेंगलुरु स्थित मशहूर पब ‘बैस्टियन’ पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के पॉश इलाके सेंट मार्क्स रोड पर स्थित इस हाई-प्रोफाइल पब पर सुबह-सुबह ही आईटी अधिकारियों की टीम ने छापा मारा। यह कार्रवाई टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों को लेकर की गई है, जिससे ग्लैमर जगत और बिजनेस गलियारों में हडक़ंप मच गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग के 10 से अधिक अधिकारियों की एक विशेष टीम ने सुबह ही पब परिसर में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। अधिकारियों ने पब के अंदर मौजूद दस्तावेजों, बही-खातों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि विभाग को पब के संचालन और कमाई के आंकड़ों में विसंगतियों तथा टैक्स भुगतान में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं, जिसके आधार पर यह सख्त कदम उठाया गया है। कार्रवाई के दौरान पब में मौजूद कर्मचारियों से भी अधिकारियों ने लंबी पूछताछ की है।‘बैस्टियन’ ब्रांड मूल रूप से मुंबई में अपनी लक्जरी और सेलेब्रिटी मूवमेंट के लिए जाना जाता है। शिल्पा शेट्टी का नाम इस ब्रांड से जुड़े होने के कारण बेंगलुरु में भी इसकी शुरुआत काफी धमाकेदार रही थी और यह शहर के सबसे महंगे पब्स में गिना जाता है। यह जगह शहर के रईसों और हाई-प्रोफाइल ग्राहकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। फिलहाल, आयकर विभाग की जांच अभी जारी है और अधिकारियों ने अब तक जब्ती या खुलासे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। वहीं, इस छापेमारी पर अब तक अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी या उनकी टीम की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

Previous articleइंडिगो उड़ान संकट पर मनीष तिवारी का स्थगन प्रस्ताव, एयर इंडिया हादसे में सरकार से मांगा जवाब
Next articleकरोड़ों वाहन चालकों को मिलने वाली है बड़ी राहत, पूरे देश में लागू होगा ‘फ्री फ्लो’ सिस्टम; नितिन गडकरी का बड़ा ऐलान