एकादशी के अवसर पर जिला मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम थूना कला की महिलाओं ने ग्राम की सुख समृद्धि एवं खुशहाली के लिए ग्राम थूना कला से सीहोर चाणक्यपुरी स्थित खाटू श्याम मंदिर तक संगीतमय डीजे की धुन पर पैदल निशान यात्रा निकाली। इस पैदल निशांत यात्रा में ग्राम की महिलाओं ने ग्राम थूना कला के प्राचीन श्री हनुमान मंदिर एवं श्री गणेश मंदिर से यह निशान यात्रा प्रारंभ होकर सीहोर चाणक्यपुरी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंची जहां पर महिलाओं ने बाबा श्याम जी के श्री चरणों में गांव की सुख शांति एवं समृद्धि के लिए निशान भेंट किया। श्री हनुमान मंदिर के पुजारी श्री रमेश चंद्र उपाध्याय जी ने बताया कि हमारे ग्राम थूना कला की माता बहनों ने बाबा खाटू श्याम जी की प्रेरणा से बाबा श्री खाटू श्याम जी सीहोर के लिए पैदल निशान यात्रा निकालने की इच्छा प्रकट की एवं इस निशान यात्रा के लिए महिलाओं ने स्वयं ही आपस में संग्रह निधि कर डीजे, निशांत, पताका, प्रसाद आदि की व्यवस्था कर धर्म के क्षेत्र में एक अनुकरणीय कार्य किया है । आयोजन समिति के श्रीमती सुनीता नेवाडा एवं राजकुमारी मेवाड़ा ने बताया कि बाबा श्याम की कृपा सभी पर बनी रहे एवं सभी को बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त हो इसी उद्देश्य को लेकर बाबा श्याम की पैदल निशान यात्रा हेतु ग्राम की सभी महिलाओं से समर्पण निधि का सहयोग प्राप्त किया है। भविष्य में भी यदि बाबा श्याम जी की कृपा रही तो पैदल निशान यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस निशान यात्रा में ग्राम की सरपंच श्रीमती रामकली प्रीतम सिंह जी मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में पुरुष महिलाएं एवं बच्चों ने भाग लेकर बाबा खाटू श्याम जी के दर्शन का लाभ उठाया।








