रेसलर खली और अभिनेता सोनू सूद पर ठगी का आरोप, पुलिस करेगी पूछताछ

Join Us

कानपुर (ए.)। करीब 1500 करोड़ की ठगी के मामले में महाठग रविंद्रनाथ सोनी के लिए प्रमोशन करने वाले रेसलर द ग्रेट खली और अभिनेता सोनू सूद को भी पुलिस आरोपी बनाएगी। पीडि़तों ने इन पर ठगी में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। दोनों को पूछताछ के लिए शहर बुलाया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने दोनों को कानूनी नोटिस भेजा है। वहीं, पुलिस महाठग को रिमांड पर लेकर सुबूत जुटाने की तैयारी में है। सीपी रघुबीरलाल ने बताया कि ठगी के मुख्य आरोपी दिल्ली के मालवीयनगर निवासी रविंद्रनाथ सोनी का शिकार बने लोगों की संख्या 700 से ज्यादा है। इनमें से 15 लोग अब तक शहर आकर अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं। कई लोगों ने ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। कुछ पीडि़तों ने द ग्रेट खली और सोनू सूद पर भी ठगी में शामिल होने का आरोप लगाया। कई पीडि़त तो यकीन ही नहीं कर रहे हैं कि आरोपी उनके रुपये लेकर हड़प चुका है। वह सिर्फ यह देखने आए हैं कि वह पकड़ा भी गया है या नहीं। सीपी ने बताया कि ठगी के शिकार लोगों में 90 फीसदी भारतीय हैं जबकि अन्य 10 फीसदी लोगों में नेपाल, वियतनाम, चाइना, जापान, अमेरिका और फ्रांस के लोग शामिल हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार कई जापानी कंपनियों ने ज्यादा लाभ पाने के चक्कर में शातिर की ब्लूचिप कंपनी में अपना निवेश किया। जापानियों समेत अन्य विदेशियों को अपने व्यापार की चकाचौंध में फंसाने के लिए वह हमेशा बड़े और नामी होटल में पार्टी करता था। उसने अपना कार्यालय दुबई में बुर्ज खलीफा के पास बनाया जहां अधिकांश अरबपतियों के ही ऑफिस हैं।

दुबई पुलिस को चकमा देकर भाग निकला
करोड़ों की ठगी के मामले में कानपुर पुलिस के शिकंजे में फंसे महाठग रविंद्रनाथ सोनी के बारे में दुबई पुलिस को अब तक कोई जानकारी नहीं है। पुलिस के अनुसार वहां के पीडि़तों ने जब दुबई पुलिस से मामले की शिकायत की तो उन्हें दिलासा दिया गया कि परेशान न हों वह देश से बाहर नहीं जा पाएगा। जब लोगों ने उसके कानपुर में गिरफ्तार होने की बात कही तो दुबई पुलिस को यकीन नहीं हुआ। ऐसा इसलिए कि आरोपी ने दुबई से भारत आने के लिए वहां से फ्लाइट नहीं ली थी। कानपुर पुलिस को आरोपी ने बताया है कि वह अगस्त माह में चोरी छिपे दुबई से रेगिस्तान के रास्ते ओमान में दाखिल हो गया था। वहां से फ्लाइट पकडक़र भारत आया।

सात साल से सक्रिय है महाठग रविंद्र
सीपी ने बताया कि अब तक की जांच में आरोपी रविंद्रनाथ सोनी की बनाई 16 कंपनियां सामने आई हैं। इनके प्रमोटर अलग-अलग हैं। इनमें से एक कंपनी ब्लूचिप कॉमर्शियल ब्रोकर वर्ष 2018 से सक्रिय है। इसका प्रमोटर खुद रविंद्रनाथ है। इसके अलावा वह ब्लूचिप फ्री होल्ड रियल इस्टेट ब्रोकर्स, वॉल स्ट्रीट इंवेस्टमेंट एलएलसी, ब्लूचिप फाइनेंसशियल मार्केट लिमिटेड ब्रांच, ब्लूचिप इंवेस्टमेंट एलएलसी शामिल हैं। उसने कंपनियों के माध्यम से रियल स्टेट से लेकर गोल्ड माइनिंग तक का कारोबार करने का झांसा देकर लोगों को फंसाया था। इसके साथी प्रमोटर गुरमीत, हितेश, धरवेश, अभिषेक सिंघल, सुरेंद्र मधुकराव दुधवाडकर, रितु परिहार व दो अन्य के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

Previous articleफर्नीचर की दुकान में लगी आग, लाखों का माल जला
Next articleमेरी वर्दी दे दो… घर जाना है , महिला सिपाही के मैसेज पर थाना प्रभारी ने दिया जवाब; चैटिंग से खुलेगा राज