बुजुर्ग मरीजों के लिए डायपर्स के पैकेट भी किए भेंट
ये हमारा अपना अस्पताल इसलिए सभी को देना चाहिए कुछ ना कुछ योगदान – पंकज शर्मा
सीहोर। पिछले दिनों जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा और नीरज शर्मा के पिताजी का लंबी और गंभीर बीमारी के बाद निधन हो गया था। जिसके बाद उनकी माताजी की प्रेरणा से पंकज शर्मा और नीरज शर्मा ने शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. आरके वर्मा से मुलाकात कर उनको यहां के आईसीयू वार्ड के मरीजों के लिए एक नया अत्याधुनिक सर्वसुविधायुक्त पूर्ण स्वचालित एल फ्री पलंग दान किया। साथ ही यहां भर्ती बुजुर्ग मरीजों के लिए डायपर्स के पैकेट भी भेंट किए। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि उनके पिताजी का काफी लंबे समय तक सरकारी अस्पताल में डायलिसिस हुआ, जिससे उनके मन में इस अस्पताल के लिए करने की कुछ भावना थी, क्योंकि ये हमारा अपना अस्पताल है और हम सब यहां मुफ्त में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेते हैं, इसलिए हमारा ये नैतिक दायित्व है कि हम इसके लिए अपना कुछ योगदान देते रहें। इसी भावना के साथ उन्होंने जिला चिकित्सालय को अपनी ओर से ये छोटी सी भेंट प्रदान की है। पंकज शर्मा ने कहा कि वैसे तो सरकार हर वर्ष जनता की सुविधा और अच्छे इलाज के लिए इस अस्पताल के लिए करोड़ों रुपए का बजट जारी करती है, लेकिन फिर भी आम जनता की ये नैतिक जिम्मेदारी है कि वो भी अपनी ओर से यहां कुछ ना कुछ भेंट करते रहें, उन्होंने सभी सीहोर जिलेवासियों से अपनी सुविधानुसार यहां कुछ ना कुछ भेंट करते रहने का आग्रह भी किया है। अंत में पंकज शर्मा ने उनकी इस छोटी सी भेंट को स्वीकार करने के लिए प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. आरके वर्मा को आभार और धन्यवाद भी ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश दरोठिया, जनपद सदस्य प्रतिनिधि जय सिंह भारती सहित अस्पताल का स्टॉफ, शर्मा परिवार के सदस्य और नागरिकगण उपस्थित रहे।








