मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम, 15 दिन से ठिठुरन जारी, 12 शहर 10 डिग्री से नीचे

Join Us

भोपाल, (निप्र.)। पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश पर गहराई से देखने को मिल रहा है। पिछले पंद्रह दिनों से प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बीते 24 घंटे में भोपाल, इंदौर समेत 12 प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश का सबसे कम तापमान राजगढ़ में 7.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ जबकि जबलपुर के भेड़ाघाट में घना कोहरा पसरा रहा। हवाओं का रुख बदलने से तापमान में मामूली उछाल जरूर आया है लेकिन मौसम वैज्ञानिक इसे अस्थायी राहत मान रहे हैं।मौसम विभाग के अनुसार, 22 नवंबर से दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया सक्रिय होगा, जो 24 नवंबर तक अवदाब में बदल सकता है। इससे हवा की दिशा बदलकर नमी बढ़ेगी, और कई शहरों में सुबह कोहरा गहरा सकता है। हालांकि, जैसे ही यह सिस्टम आगे बढ़ेगा, ठंड का दूसरा चरण और अधिक तीव्रता के साथ लौट सकता है। आने वाले तीन-चार दिन तक धुंध की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद तापमान में गिरावट तेज होगी और दिसंबर की शुरुआत में न्यूनतम तापमान कई शहरों में 5-6 डिग्री तक जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, नरसिंहपुर और शिवपुरी में शीतलहर चली जबकि खंडवा व खरगोन में तीव्र शीतलहर का असर देखने को मिला। दिन में उज्जैन का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री रहा, लेकिन रात की ठिठुरन ने लोगों को गर्म कपड़ों की ओर लौटने पर मजबूर कर दिया। राजधानी भोपाल में पिछले दस दिनों से लगातार कोल्ड वेव का असर बना हुआ है और मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

Previous articleदुबई एयर शो में भारतीय तेजस क्रैश
Next articleअल-फलाह विश्वविद्यालय के छात्र असमंजस में, बच्चों के भविष्य को लेकर परिजन भी चिंतित