जिला सहकारी बैंक को मिला प्रदेश स्तरीय पुरस्कार

Join Us

 बैंक व सहकारिता विभाग को मिली एक लाख की नगद राशि
सीहोर। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत चलाए जा रहे सहकारी समितियों के पूर्ण कम्प्यूटराईजेशन अभियान के तहत जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित सीहोर एवं सहकारिता विभाग सीहोर को प्रदेश स्तरीय दूसरा पुरस्कार हासिल हुआ है। पुरस्कार के तहत बैंक एवं विभाग को एक लाख की राशि एवं समितियों को भी नगद पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
भोपाल में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग एवं अन्य अतिथियों द्वारा सीहोर बैंक एवं सहकारिता विभाग को संयुक्त रूप से दूसरे पुरस्कार का हकदार मानकर उपायुक्त सहकारिता सुधीर कैथवास एवं बैंक के सीईओ मनोज शर्मा को नगद पुरस्कार के रूप में एक लाख रूपए की राशि का चैक प्रदान किया। पैक्स कम्प्यूटराईजेशन योजना के तहत सीहोर जिले की 10 समितियों को सबसे पहले पूर्णतया कम्प्यूटरीकृत होने पर 5-5 हजार की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप दी जा रही है। इन सहकारी समितियों में नापलाखेडी, चंदेरी, बिजौरी, मुगली, हकीमाबाद, लौरासखुर्द, मैना, ग्वाली, फूडरा एवं जमोनिया फतेहपुर प्रमुख रूप से शामिल है।
बैंक एवं विभाग की इस उपलब्धि पर उपायुक्त सहकारिता श्री सुधीर कैथवास एवं बैंक के सीईओ मनोज शर्मा सहित पुरस्कृत हुई समितियों के प्रबंधकों व आपरेटरों को बैंक के समस्त अधिकारी व कर्मचारियों ने हार्दिक बधाई प्रेषित की है। बैंक के सीईओ श्री शर्मा ने कहा है कि बैंक की सभी समितियों में कम्प्यूटराईजशन की प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र ही जिले की बाकी समितियां भी पूर्णत: कम्प्यूटराईज हो जाएगी।

Previous articleबचपन संवारना हमारी जिम्मेदारी :– डॉ मयंक तोमर
Next articleश्री कृष्ण ग्वाला गवली यादव समाज का राष्ट्रीय स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट 5 दिसम्बर से आगर मालवा में