10 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, आज कई जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट
भोपाल (निप्र.) । मध्य प्रदेश में नवंबर महीने में ही तेज ठंड का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के 10 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। वहीं राजगढ़ जिला सबसे ठंडा रहा। प्रदेश में अगले दो दिन शीतलहर का अलर्ट है। इसे देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। आज सोमवार को भी कई जिलों में कोल्ड वेव चलेगी। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, राजगढ़, कटनी, सीहोर, सतना, शाजापुर, शिवपुरी, धार, देवास, दमोह, रीवा, मैहर, छतरपुर और पन्ना में अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में बर्फबारी की वजह से मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड देखने को मिल रही है। प्रदेश में नवंबर में ही दिसंबर और जनवरी जैसे हालात है। भोपाल, इंदौर और राजगढ़ देश के 10 सबसे ठंडे शहरों की सूची में शामिल हैं। राजगढ़ जिला सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल और इंदौर में 25 साल में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। दोनों जगहों पर पारा 6.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। ये तीनों शहर भीषण शीतलहर की चपेट में हैं।शनिवार-रविवार की रात भोपाल-इंदौर में पारा 6.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबलपुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 10.5 डिग्री और ग्वालियर में 10.1 डिग्री सेल्सियस टेम्प्रेचर दर्ज किया गया। शाजापुर जिले के गिरवर में रात का तापमान 6, शहडोल के कल्याणपुर में 6.2, उमरिया में 7.3, रीवा में 7.4, नौगांव में 7.6, मंडला में 8.8, शिवपुरी में 9, छिंदवाड़ा में 9.2, दमोह में 9.6, बैतूल में 9.7 डिग्री पारा दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश में दो दिन शीतलहर की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में कड़ाके की ठंड को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। छिंदवाड़ा, उमरिया में कलेक्टर ने स्कूलों का टाइम बढ़ा दिया है। भोपाल और इंदौर में भी जल्द स्कूलों की टाइमिंग को लेकर फैसला हो सकता है।
भोपाल जिले में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक का संचालन सुबह 8:30 बजे के पहले नहीं होगा
भोपाल (निप्र.) । तापमान में गिरावट होने से संस्थाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पढऩे की संभावना को दृष्टिगत भोपाल जिले में संचालित समस्त शासकीय अशासकीय, केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, आई.सी.एस.ई, सी.बी.एस.ई, अनुदान प्राप्त एवं अन्य मान्यता प्राप्त कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षायें प्रात: 08:30 बजे से पूर्व संचालित नहीं की जायें। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।








