सीहोर, मध्यप्रदेश सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ (AVFO) जिला सीहोर के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आज जिले में पशुपालन विभाग द्वारा कृत्रिम गर्भाधान (AI) कार्य के लिए निर्धारित किए गए अमानवीय और अव्यावहारिक दैनिक लक्ष्यों के विरोध में एकजुट होकर कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपे।
संघ ने कलेक्टर सीहोर एवं माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि विभाग द्वारा पशुगणना के आंकड़ों के आधार पर गणितीय डाटा तैयार कर प्रत्येक सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी (AVFO) को प्रतिदिन 20 कृत्रिम गर्भाधान (AI) करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसे पूरा न कर पाने की स्थिति में वेतन रोकने, वेतन काटने, वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने और निलंबन जैसी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
संघ के मुख्य तर्क:
प्राकृतिक कार्य में प्रशासनिक हस्तक्षेप: कृत्रिम गर्भाधान एक पूर्णतः प्राकृतिक कार्य है, जिसकी सफलता मादा पशु के ऋतुकाल (Heat) में आने, पशुपालक द्वारा समय पर (6 से 18 घंटे के भीतर) सूचना देने और पशु की उपलब्धता पर निर्भर करती है। ये तीनों कारक मैदानी कर्मचारी के नियंत्रण में नहीं होते।
असंभव लक्ष्य और समय की कमी: संघ ने बताया कि एक AI कार्य में औसतन 1 घंटे का समय लगता है, और संस्था का कार्यक्षेत्र 10 से 20 किलोमीटर तक फैला होता है। ऐसे में एक मानव कर्मचारी द्वारा प्रतिदिन 20 पशुओं का AI करना किसी भी परिस्थिति में संभव नहीं है।
अन्य आवश्यक कार्य बाधित: AVFO को E-Attendance (सार्थक) के माध्यम से संस्था पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर उपचार, औषधि वितरण, बधियाकरण और हितग्राही मूलक योजनाओं का क्रियान्वयन भी करना होता है। इसके अतिरिक्त, टीकाकरण जैसे कार्य सुबह 7 बजे से पशुपालक के घर जाकर किए जाते हैं। 20 AI का अमानवीय लक्ष्य इन आवश्यक कार्यों को बाधित कर रहा है।
मुख्यमंत्री से सीधी अपील
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपे गए ज्ञापन में संघ के प्रांतीय सदस्य संघ ने अपील की है कि प्रशासनिक दबाव के कारण केवल कागज़ी और भ्रामक आँकड़े तैयार हो रहे हैं, जिससे उन्नत नस्ल के पशु उत्पादन का मूल उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा। संघ ने मुख्यमंत्री से, जो स्वयं पशुपालक भी हैं, इस तकनीकी और वैज्ञानिक विधा को समझने और ऐसे अमानवीय आदेशों पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
संघ के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह मालवीय, जिला सचिव एस एल हिंडौलिया जिला कोषाध्यक्ष सतीश वर्मा, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य युवराज सिंह,जे सी कठेरिया, श्रीमती पूजा विश्वकर्मा, अर्जुनसिंह धुर्वे,आर एस जाट, के एस ठाकुर,पुनीत प्रभारी,करण सिंह लबाना,अजय जवलाया, राम सिंह मालवीय,लोकेश विश्वकर्मा,कुलदीप सिसोदिया, देवेन्द्र मेवाड़ा, मिनाक्षी शाक्य, दुर्गा कठेरिया,हरिनारायण गौर, रमेश मालवीय, अंतिम मंडलोई मुकेश गोफनिया,पी सी पचलासिया,सहित समस्त AVFO सदस्य उपस्थित रहे।








