संजय कलमोर
भेरूंदा, नसरुल्लागंज –नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान तरुण पुष्प हायर सेकेंडरी स्कूल में कलचुरी कलार समाज द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु (राजराजेश्वर) जयंती का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान राजराजेश्वर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
पूजन-अर्चन का विधिवत कार्यक्रम आचार्य आयुष्मान तिवारी के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों, समाजजनों एवं समिति के पदाधिकारियों ने भगवान राजराजेश्वर की पूजा-अर्चना कर समस्त समाज के मंगल और समृद्धि की कामना की मंत्रोच्चारण के साथ सामूहिक हवन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात भक्ति संगीत और भजन-आरती से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के अंत में प्रसादी वितरण किया गया कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के संचालक आर बी मालवीय द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के उत्थान एवं सामाजिक कार्यों में सभी को निरंतर अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही और कार्यक्रम पूर्ण श्रद्धा, उत्साह एवं एकता के वातावरण में सम्पन्न हुआ।








