चंडीगढ़ (ए.) । पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को सीबीआई ने 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने मंडी गोबिंदगढ़ के एक स्क्रैप कारोबारी से रिश्वत की मांग की थी। गुरुवार को दिल्ली और चंडीगढ़ से आई सीबीआई की संयुक्त टीम ने ट्रैप बिछाकर उन्हें मोहाली स्थित कार्यालय से पकड़ा।सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की 52 सदस्यीय टीम भुल्लर के मोहाली स्थित दफ्तर और चंडीगढ़ के सेक्टर-40 में बने उनके आलीशान घर की कई घंटों तक तलाशी ले रही है। इस दौरान लगभग एक करोड़ रुपए नकद, तीन बैग और एक अटैची में भरे हुए मिले हैं। नोटों की गिनती के लिए मशीनें मंगानी पड़ीं। इसके अलावा सोने-चांदी के गहने और अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। अब तक मिली अपडेट के अनुसार उनके पास से 5 करोड़ रुपए का कैश बरामद किया गया है।फिलहाल भुल्लर को एक गोपनीय स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है।








