आगरा मूर्ति विसर्जन: नदी में डूबे सभी 12 लोगों के शव बरामद

Join Us

आगरा (ए.)। उत्तर प्रदेश के आगरा में उतंगन नदी में दो अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे सभी 12 लोगों के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए हैं। इसके साथ ही कई दिन से जारी बचाव अभियान का समापन हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दशहरे के अवसर पर खैरागढ़ क्षेत्र में हुए इस हादसे में 13 लोग नदी में बह गए थे। इनमें से विष्णु नामक एक युवक को तुरंत बचा लिया गया था, जबकि बाकी 12 लोग लापता थे। आगरा पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अभियान की समाप्ति की पुष्टि की। उन्होंने कहा, उतंगन नदी से सभी 12 शव बरामद कर लिए गए हैं। यह अभियान करीब 124 घंटे तक चला, जिसमें राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), सेना, प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) की बाढ़ इकाई, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीमें लगातार काम करती रहीं। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण था क्योंकि शव नदी के बीच गहरे गड्ढों में फंसे हुए थे। गोताखोरों और खोजी दलों की मदद के लिए नदी की धारा को अस्थायी रूप से मोड़ा गया। मृतकों की पहचान सचिन (14), करण (21), भगवती (23), ओके (19), गजेंद्र (20), ओमपाल (35), गगन (25), दीपक (15), अभिषेक (16), दिनेश (19), मनोज (15) और हरेश (22) के रूप में हुई है।

Previous articleचिदंबरम के बड़े खुलासे से बवाल, पीएम मोदी बोले- 26/11 में सेना को किसने रोका, कांग्रेस जवाब दे
Next articleपहले 60 करोड़ रुपये जमा करें, बॉम्बे हाईकोर्ट ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर विदेश यात्रा पर लगाई रोक