आरा,(ए)। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने बिहार की राजनीति में बड़ा ऐलान करते हुए, सनातनी राजनीति का शंखनाद किया है। उन्होंने गौ मतदाता संकल्प यात्रा निकालते हुए घोषणा की है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की सभी सीटों पर निर्दलीय सनातनी गौ भक्त प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। शंकराचार्य जी ने कहा कि वह स्वयं गौ भक्त प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करेंगे और सनातनी हिन्दुओं से अपील करेंगे कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए केवल गौ भक्त उम्मीदवारों को ही समर्थन दें।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए शंकराचार्य जी ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है, जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि वे स्वयं और अन्य साधु-संत इन उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। साथ ही, उन्होंने सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों से अपील की कि वे गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के उद्देश्य से केवल गौ रक्षा के लिए प्रतिबद्ध उम्मीदवारों को ही वोट दें। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा हमारी आस्था का विषय मात्र नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति और समाज की नींव है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि आगामी चुनाव में केवल उन्हीं प्रत्याशियों को वोट दें, जो गौ रक्षा के मुद्दे पर स्पष्ट और दृढ़ संकल्पित हों। उन्होंने बताया कि हाल ही में वे राष्ट्रीय पार्टियों के दिल्ली स्थित कार्यालयों में गए और उनसे पूछा कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए लोकसभा में अपना पक्ष रखें। उन्होंने कहा कि लेकिन अब तक किसी भी दल ने अपना पक्ष नहीं बताया। ऐसे में मजबूरी में उन्हें बिहार चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने का निर्णय लेना पड़ा है। शंकराचार्य जी ने यह भी कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों से उनके उम्मीदवार खड़े होंगे और नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की औपचारिक सूची जारी कर दी जाएगी।








