नई दिल्ली(आरएनएस)। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने शुक्रवार को आईएएनएस से खास बातचीत में पड़ोस नीति को भारत के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में घर जैसा महसूस हुआ है। विदेश नीति पहले पड़ोस पर केंद्रित होनी चाहिए। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने आईएएनएस से खास बातचीत में ‘पड़ोस नीति’ की वकालत की। उन्होंने कहा, हमारी विदेश नीति सबसे पहले पड़ोस पर केंद्रित होनी चाहिए। क्या हम पड़ोसियों के साथ संबंधों को मजबूत कर सकते हैं? मैं पाकिस्तान गया हूं और वहां घर जैसा महसूस किया।बांग्लादेश और नेपाल में भी ऐसा ही लगा। मुझे लगता है कि जैसे मैं विदेश में नहीं हूं। ‘वोट चोरी’ के आरोप पर सैम पित्रोदा ने कहा, राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया है कि क्या हो रहा है और हमारे जैसे नेता सालों से बोल रहे हैं कि ईवीएम में कुछ तो गड़बड़ है। अब इसके खिलाफ राहुल गांधी ने आवाज उठाई है और हम सबको उनका साथ देना है। पित्रोदा ने चुनाव के महत्व पर जोर देते हुए कहा, चुनाव हमारे जैसे बुजुर्गों से ज्यादा आने वाली पीढिय़ों को प्रभावित करते हैं। राहुल गांधी के शब्द सच्चे हैं, लेकिन वे अकेले नहीं लड़ सकते। वे बोलते हैं, लेकिन अन्य चुप रहते हैं। अगर हम मानते हैं, तो हमें हाथ मिलाना चाहिए और आवाज बुलंद करनी चाहिए। सभी राजनीतिक दल, कांग्रेस नेता, युवा नेता, सिविल सोसाइटी, वकील और अन्य अपनी आवाज उठाएं।उन्होंने राहुल गांधी के जेन-जी से लोकतंत्र बचाने की अपील वाले बयान का समर्थन किया और कहा, मैं भारत के युवाओं से अनुरोध करता हूं कि राहुल गांधी की एकमात्र आवाज में अपनी आवाज जोड़ें। पित्रोदा ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘चमकदार, ऊर्जावान युवा’ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा और अन्य दल उन्हें गलत तरीके से पेश करते हैं। राहुल गांधी बहुत पढ़े-लिखे हैं, वे भारत पर विश्वास करते हैं और हमारी युवा पीढ़ी के भविष्य में यकीन रखते हैं।








