देहरादून में बादल फटने के बाद मची तबाही

Join Us

अब तक 8 शव बरामद, कई लापता
देहरादून (ए.)। देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में सोमवार रात बादल फटने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि अचानक बादल फटने से कारलीगाढ़ नदी में बाढ़ आ गई और इस कारण आसपास के क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। सहस्त्रधारा समेत आसपास के इलाके तपोवन, आईटी पार्क, घंगौरा, घड़ी कैंट इलाकों में पानी भर गया। कई सडक़ें बह गईं। विकास नगर में टोंस नदी में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। इस दौरान मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में बह गई। इसमें 8 लोगों की मौत और 4 के लापता होने की खबर है।लगातार और तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया, जिसके कारण एक महत्वपूर्ण पुल ढह गया और नदी के किनारे बनी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, नदी के किनारे स्थित दर्जनों दुकानें या तो पूरी तरह नष्ट हो गईं या बह गईं। इसके अलावा, बाढ़ के पानी के तेज बहाव के कारण दो होटल भी ढह गए हैं। मसूरी देहरादून मार्ग बंद होने से सडक़ में बीच-बीच में कई जगह वाहन फंसे हैं। पुलिस लगातार अनाउंस कर लोगों से मसूरी-दून मार्ग में यात्रा नहीं करने की अपील कर रही है। कर्णप्रयाग और गौचर में बदरीनाथ हाईवे बोल्डर गिरने से बंद हैं। वहीं श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुई है। खतरे का स्तर पार करने की आशंका है।आपदा की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई की। जिला मजिस्ट्रेट सविन बंसल ने खुद ही कमान संभाली और सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल बचाव और राहत कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अन्य आपातकालीन सेवा दलों को जेसीबी मशीनों और आवश्यक उपकरणों के साथ रात में ही घटनास्थल पर भेजा गया। प्रशासन ने नदी के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।

Previous articleमुझे बहुत बदनाम कर लिया,ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स पर ठोका 15 अरब डॉलर का मानहानि का मुकदमा, लगाए ये गंभीर दोष
Next articleआधुनिक युग में एआई की महत्त्वपूर्ण भूमिका : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला