सनरूफ का ‘मजा’ बनी सजा, चलती कार में बैरियर से टकराया बच्चे का सिर

Join Us

बेंगलुरु , (आरएनएस)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जो उन सभी माता-पिता के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो बच्चों को चलती गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलने देते हैं। यहां एक व्यस्त सडक़ पर चलती कार के सनरूफ से बाहर झांक रहे एक बच्चे का सिर लोहे के बैरियर से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा चलती कार के खुले सनरूफ में खड़ा होकर बाहर का नजारा देख रहा था। कार की रफ्तार सामान्य थी, लेकिन शायद बच्चे या ड्राइवर को इस बात का अंदाजा नहीं था कि रास्ते में लगा हाइट बैरियर इतना नीचे होगा। जैसे ही कार बैरियर के नीचे से गुजरी, बच्चे का सिर सीधे उससे जा टकराया और वह लहूलुहान होकर कार में गिर पड़ा। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोगों में भी हडक़ंप मच गया। घटना के फौरन बाद ड्राइवर ने कार रोकी और खून से लथपथ बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के सिर में काफी गहरी चोट आई है और उसका इलाज जारी है। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे कुछ दिनों तक डॉक्टरों की सख्त निगरानी में रखा जाएगा।
यह घटना एक कड़वी हकीकत बयां करती है कि कैसे थोड़ी सी लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अक्सर लोग बच्चों को खुश करने या रोमांच के लिए उन्हें सनरूफ से बाहर खड़ा कर देते हैं, लेकिन वे यह भूल जाते हैं कि सडक़ पर लगे बैरियर, पुल, पेड़ों की निचली शाखाएं या बिजली के तार मौत का सामान बन सकते हैं। बेंगलुरु पुलिस ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ न करें और उन्हें सनरूफ से बाहर निकलने की इजाजत बिल्कुल न दें।

Previous articleनेपाल के विरोध-प्रदर्शन में 20 की मौत, 250 घायल; गृहमंत्री रमेश लेखक ने दिया इस्तीफा
Next articleMP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल