संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा के लिए रखी गई बैठक
सीहोर। भारतीय जनता पार्टी सीहोर की कामकाजी बैठक भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित की गई। जिसमें विशेष रूप से भाजपा संगठन के आगामी कार्यक्रम जो कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किए जाने है। उन सभी कार्यक्रमों को लेकर उक्त बैठक में दिशा-निर्देश समस्त मण्डल अध्यक्षों को दिए गए। बैठक की शुरुआत राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय व विधायक गोपाल इंजीनियर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीरों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन करने के साथ की गई। बैठक को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री द्वारा कहा गया कि हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिन 17 सितम्बर को है। इसे हमें भव्य रूप से सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाना है। मैं समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूं कि समस्त कार्यक्रमों को हम भव्य रूप से आयोजित करें। तत्पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा द्वारा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा गया यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के माध्यम से समाज के गरीब, शोषित तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक सामाजिक कार्य माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हो रहे हैं, उनका व्यक्तित्व अद्वितीय है।
प्रतिवर्ष विभिन्न प्रकार की सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाते हैं और उनकी दीर्घायु एवं स्वस्थ रहने की कामना करते हुए माननीय प्रधानमंत्री जी के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेते हैं।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर राष्ट्र रक्षा को मजबूत बनाने, भारत को आत्मनिर्भर बनाने, तकनीकी और नवाचार में वैश्विक नेतृत्व स्थापित करने, समाज के सभी वर्गों तक सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने तथा वोकल फॉर लोकल के मंत्र के साथ विकसित भारत के संकल्प को 2047 तक साकार करने का संकल्प किया है, निश्चय ही यह सब माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में संभव है।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के निर्देशन अनुसार सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन से लेकर 02 अक्टूबर गांधी जयंती तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत बस स्टैंड , रेलवे स्टेशन आदि पर स्वच्छता अभियान कार्यक्रम, प्रत्येक बूथ पर एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण कार्यक्रम, सभी मण्डलों में रक्तदान शिविर आयोजित करना, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना, जिला स्तर पर कालेज व सभागार में प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन, जिला स्तरीय प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन, वोकल फॉर लोकल का प्रचार, ग्राम स्तर से लेकर लोकसभा स्तर तक सांसद खेल कूद प्रतियोगिता, मोदी विकास मैराथन, 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया जाना, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती व लालबहादुर शास्त्री जी की जयंती पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसी के साथ बैठक को सीहोर विधायक सुदेश राय जी व आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर द्वारा भी संबोधित किया गया। बैठक में विशेष रूप से राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, जिला प्रभारी बहादुर सिंह मुकाती, जिला महामंत्री राजकुमार गुप्ता, धारासिंह पटेल, सीहोर नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भूपेन्द्र सिसोदिया मंचासीन रहें। बैठक का संचालन भाजपा जिला मंत्री जितेंद्र गौड़ द्वारा किया गया। बैठक में समस्त कार्यकर्ताओं का आभार मण्डल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति द्वारा किया गया। बैठक में भाजपा जिला पदाधिकारी, टोली के सदस्य समस्त मण्डल अध्यक्ष व मण्डल महामंत्री उपस्थित रहें।








