चंडीगढ़ ,(आरएनएस)। पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में जोरदार बारिश होने के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण रणजीत सागर डैम और भाखड़ा डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है जिस कारण रावी, सतलुज और ब्यास नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।वहीं, भारी वर्षा के कारण पठानकोट में चक्की पुल को नुकसान हुआ है। ब्यास नदी पर बने इस पुल के नीचे से मिट्टी धंसने के कारण रेलवे की जम्मू डिविजन ने जम्मू-जालंधर रेल ट्रैक को बंद कर दिया है। इस कारण करीब 90 ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कुछ ट्रेनों को पठानकोट-अमृतसर, जालंधर रूट से रवाना किया जा रहा है। फिलहाल रेलवे ने चक्की पुल से ट्रेनों की आवाजाही अगले आदेश तक बंद कर दी है।








