जयपुर (आरएनएस)। राजधानी जयपुर में जन्माष्टमी के दिन नगर निगम ग्रेटर की पशु प्रबंधन शाखा ने बड़ी कार्रवाई कर एयरपोर्ट पर अवैध रूप से जा रहे बकरे के मीट को जब्त किया। कार्रवाई इतनी अहम मानी जा रही है क्योंकि पहली बार जयपुर एयरपोर्ट से अवैध मीट की खेप पकड़ी गई। टीम ने 749 किलो अवैध मीट, जो करीब छह लाख रुपये कीमत का बताया जा रहा है, बरामद किया। यह मीट 19 कार्टून में पैक था और बेंगलुरु भेजने की तैयारी में था।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पशु प्रबंधन शाखा प्रभारी डॉ. राकेश कलोरियां को मुखबिर से सूचना मिली कि जयपुर एयरपोर्ट से अवैध रूप से वंध बकरे का मीट भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत टीम को तैयार कर एयरपोर्ट पर दबिश दी। एयरपोर्ट अथॉरिटी से बातचीत कर निगम टीम ने कार्टून जब्त किए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मीट भेजने वालों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।
कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद
जब नगर निगम की टीम एयरपोर्ट से मीट जप्त कर बाहर निकल रही थी, तभी निजी सुरक्षा एजेंसी के गार्डों ने टीम के साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान प्रभारी अधिकारी डॉ. राकेश कलोरियां और गार्डों के बीच बहस भी हुई। हालांकि निगम की टीम ने धैर्य और बहादुरी का परिचय देते हुए कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाया।
डंपिंग यार्ड में नष्ट किया गया मीट
जब्त किए गए सभी 19 कार्टून को नगर निगम टीम ने डंपिंग यार्ड ले जाकर वैज्ञानिक तरीके से रासायनिक विधि से नष्ट किया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई एक उदाहरण है कि अब एयरपोर्ट पर भी अवैध गतिविधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
पहली बार एयरपोर्ट से हुई अवैध मीट की जब्ती
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जयपुर एयरपोर्ट से अवैध मीट पकड़े जाने की यह पहली घटना है। टीम की तत्परता और साहसिक कार्यशैली की सराहना की जा रही है। प्रभारी डॉ. कलोरियां ने साफ किया कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।








