मालपुरा (आरएनएस)। टोरडी सागर गाँव की बेटी रुद्राक्षी खंगारोत ने डिप्टी जेलर बनकर पूरे गाँव को गौरवान्वित किया है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जब रुद्राक्षी अपने गाँव पहुँचीं, तो ग्रामीणों ने उनका शानदार स्वागत किया।गाँव वालों ने जुलूस निकालकर रुद्राक्षी को पूरे गाँव में घुमाया और जगह-जगह साफा पहनाकर व मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया। ग्रामीणों का कहना था कि रुद्राक्षी ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गाँव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
रुद्राक्षी खंगारोत सरपंच ठाकुर हेमेंद्र सिंह की बेटी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, ठाकुर हेमेंद्र सिंह और मालविका सिंह को दिया। रुद्राक्षी ने बताया कि उनके माता-पिता ने हर चुनौती में उनका हौसला बढ़ाया और उन्हीं के आशीर्वाद से वह यह मुकाम हासिल कर पाई हैं।
बचपन से ही मेधावी रहीं रुद्राक्षी ने निशानेबाजी में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके पिता ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि रुद्राक्षी की कड़ी मेहनत रंग लाई है। इस सफलता से पूरे टोरडी और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर है।








