नईदिल्ली, (आरएनएस)। दिल्ली समेत पूरे भारत में मानसून पूरी तरह पैठ बना चुका है। लगातार हो रही बारिश से इलाकों में जलभराव की समस्या हो रही है। बारिश 15 अगस्त की छुट्टी के साथ ही लंबे वीकेंड प्लान को भी चौपट कर सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 20 अगस्त तक तेज बारिश की संभावना है। हालांकि, रेल और हवाई सेवाओं पर असर नहीं दिखा है।
दिल्ली में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले कई प्रमुख इलाके पानी में डूब गए और कई अंडरपास पानी से लबालब भर गया। लाजपत नगर, आरके पुरम, लोधी रोड और दिल्ली-हरियाणा सीमा सहित क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है। दिल्ली में सुब्रतो पार्क के पास आउटर रिंग रोड, पटपडग़ंज और गुरुग्राम में बसई रोड पर भी सडक़ों पर पानी भर गया। दिल्ली में यमुना का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। यहां सुबह से बारिश जारी है।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बुधवार से बारिश हो रही है, जिसके चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं। गोमती नगर में लोग घुटनों तक पानी में चलते दिखे। आईएमडी ने कन्नौज, मुरादाबाद, बरेली, झांसी समेत 58 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।








