अक्षय कुमार का नाम उन अभिनेताओं में शुमार है, जो एक साल में सबसे ज्यादा फिल्में करते हैं। आने वाले समय में अक्षय कई बड़ी फिल्मों में नजर आएंगे। इन्हीं में से एक है जॉली एलएलबी 3। यह इस साल की बहुचर्चित फिल्मों में से एक है, जिसका दर्शक बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब आखिरकार फिल्म जॉली एलएलबी 3 का पहला पोस्टर सामने आ गया है, जिसमें अक्षय और अरशद वारसी की झलक दिख रही है।
स्टार स्टूडियो ने सोमवार को जॉली एलएलबी 3 का फर्स्ट लुक जारी करते हुए इसके टीजर की रिलीज डेट का खुलासा किया है. पोस्टर में अक्षय और अरशद वारसी वकील के पोशाक में, एक दरवाजे से एक साथ अंदर घुसने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
इस बीच वह एक-दूसरे को रोकने की भी कोशिश कर रहे हैं. दोनों के हाथों में कानूनी दस्तावेज भी हैं. दरवाजा एक अदालत की है, जैसा कि ऊपर लगे एक छोटे से बोर्ड से पता चलता है. इस पोस्टर को साझा करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा है, केस नंबर 1722 की याचिका हुई मंजूर. एडवोकेट जॉली और एडवोकेट जॉली हाजिर हो.
जॉली एलएलबी 3 का टीजर 12 अगस्त को रिलीज किया जाएगा,
वहीं यह फिल्म 19 सितंबर, 2025 को दर्शकों के बीच आएगी।
अक्षय कुमार ने फिल्म के पोस्टर को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया है और कैप्शन में लिखा है, केस नंबर 1722 की याचिका हुई मंजूर. कानपुर से जॉली उर्फ असली जॉली हाजिर है, माय लॉर्ड. वहीं, अरशद वारसी भी पोस्टर को इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा है, केस नंबर 1722 की याचिका हुई मंजूर. जनाब मेरी कोर्ट से अपील है कि मेरठ से जॉली उर्फ असली जॉली का पिटीशन स्वीकार किया जाए.
सुभाष कपूर की निर्देशित पहली जॉली एलएलबी 2013 में आई थी. इसमें अरशद वारसी ने एडवोकेट जगदीश त्यागी उर्फ जॉली की भूमिका निभाई थी. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही. फिल्म की सफलता के बाद मेकर्स 2017 में जॉली एलएलबी 2 लेकर आए, जिसमें अक्षय कुमार एडवोकेट जगदीश्वर जॉली मिश्रा की भूमिका में दिखे. इस फिल्म में हुमा कुरैशी और अन्नू कपूर भी थे. सौरभ शुक्ला ने पहले और दूसरे दोनों पार्ट में जज सुंदरलाल त्रिपाठी के किरदार में दिखे थे.
जॉली एलएलबी 3 में इस बार दोनों जॉली एक साथ हैं, जिसमें सौरभ शुक्ला एक बार फिर नजर आएंगे. यह कॉमेडी कोर्ट ड्रामा 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है.








