जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दूसरे दिन भी मुठभेड़ जारी, हिजबुल के दो मोस्ट वांटेड आतंकी घेरे में

Join Us

जम्मू (आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के घने जंगलों में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान सोमवार को दूसरे दिन भी जारी है। दूल इलाके के भगना जंगलों में छिपे आतंकियों को पकडऩे के लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। रुक-रुककर गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें लगातार सुनाई दे रही हैं।अधिकारियों के मुताबिक, आतंकी एक ऊंची चट्टान पर बनी गुफा में छिपे हो सकते हैं, जो किश्तवाड़ शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित है। जानकारी के अनुसार, यहां हिजबुल मुजाहिदीन के दो मोस्ट वांटेड आतंकी — रियाज अहमद और मुदस्सर हजारी — मौजूद हो सकते हैं। ये दोनों पिछले आठ साल से सक्रिय हैं और प्रत्येक पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है।रविवार सुबह 6:30 बजे जब सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया, तभी आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद दिन में दो बार और गोलाबारी हुई, लेकिन आतंकी जंगल का फायदा उठाकर दूसरी दिशा में भाग निकले।
सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर ऑपरेशन को तेज कर दिया है। आतंकी किसी भी दिशा में न भाग पाएं, इसके लिए इलाके की घेराबंदी कड़ी कर दी गई है। साथ ही पैरा कमांडो दस्तों की तैनाती की गई है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक छिपे आतंकियों को पकड़ या मार नहीं लिया जाता। इलाके में हाई अलर्ट जारी है और सभी प्रवेश-निकास मार्गों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
00

Previous articleइंडिया गठबंधन के सांसदों को ईसी से मिलने नहीं दिया गया, राज्यसभा में बोले खडग़े
Next articleपरमाणु हथियारों की धमकी देना पाकिस्तान की पुरानी चाल, भारत ने दिया पड़ोसी की गीदड़भभकी का जवाब