हिमाचल के शिमला में बादल फटा, उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर

Join Us

 -दो दिन में 16 की मौत, 360 मकान ढहे, 12 राज्य ऑरेंज अलर्ट पर
नई दिल्ली,(ए.)। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में बुधवार रात 10:15 बजे बादल फटने की घटना ने तबाही ला दी है। नोगली नाले में अचानक आई बाढ़ से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। उधर, मंडी के दवाड़ा क्षेत्र में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन के फ्लाईओवर पर भूस्खलन के चलते दरारें आ गई हैं।राज्य में अब तक 533 सडक़ें बंद हो चुकी हैं, जिनमें मंडी-मनाली और चंडीगढ़-शिमला जैसी मुख्य सडक़ें भी शामिल हैं। भारी बारिश और नदियों के उफान के कारण उत्तर प्रदेश में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। लगातार बारिश होने से यूपी की नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रयागराज, वाराणसी समेत 24 जिलों के 1,245 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक 360 मकानों के ढहने और 16 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है। फर्रुखाबाद के पंखियन गांव में गंगा नदी ने एक मकान को महज 10 सेकंड में निगल लिया। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
काशी के घाट गंगा में समाहित हो गए हैं और लगातार बाढ़ का खतरा बना हुआ है। अयोध्या में सरयू नदी डेंजर लेवल से 2 सेमी ऊपर बह रही है, जिससे 48 गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बाढ़ और खतरे के वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं।
बिहार में भी गंगा का जलस्तर खतरे के करीब
बिहार में गंगा और सोन नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पटना सिटी के भद्रघाट और महावीर घाट की सर्विस लेन तक गंगा का पानी 2 फीट तक पहुंच चुका है। राज्य के कई गांव जलमग्न हो चुके हैं।
बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल समेत 12 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश सहित 11 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है। बहरहाल किसी भी राज्य में रेड अलर्ट घोषित नहीं किया गया है। प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों से दूर रहने और सतर्क रहने की अपील की है। राहत एवं बचाव दल तैनात हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

 

Previous articleसुप्रीम कोर्ट ने ईडी को लगा दी फटकार, आप सालों विचाराधीन कैदी बनाकर जेल में रखते
Next articleसाल के अंत में भारत दौरे पर आ सकते हैं व्लादिमीर पुतिन, एनएसए डोभाल ने दी जानकारी