नईदिल्ली, (आरएनएस)। मानसूनी बारिश पहाड़ी राज्यों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी कहर बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से हुए भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली फोरलेन बंद हो गया, जिससे कई वाहन फंस गए। अगले 1-2 दिनों तक कुछ राज्यों में भारी बारिश से राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 2-3 अगस्त 2025 तक राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। हिमाचल प्रदेश के लाहुल घाटी में शुक्रवार को 3 जगह बादल फटने से बाढ़ आ गई। प्रदेश में शनिवार को 8 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कई जगहों पर बादल फटने का भी खतरा है। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा 3 अगस्त तक के लिए स्थगित है। उत्तराखंड में मार्ग अवरुद्ध होने से केदारनाथ यात्री फंसे हैं। साथ ही राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।मानसून राजस्थान में खूब मेहरबान हुआ है, जिसके चलते जुलाई में पिछले साल की तुलना में 77 फीसदी अधिक बारिश हुई है, जिससे 67 फीसदी बांध लबालब हो गए। शुक्रवार को श्रीगंगानगर से छत्तरगढ़ जाने वाली सडक़ पानी के तेज बहाव में बह गई। मौसम विभाग ने 2 अगस्त को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, झुंझनूं, सीकर और बीकानेर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश से राहत मिल सकती है।
बुंदेलखंड में केन, चंद्रावल, बागेन रंज, बेतवा और यमुना नदी का जलस्तर बढऩे से खेत और गांव जलमग्न होने के साथ सडक़ पर पानी बह रहा है। उत्तर प्रदेश में 2 अगस्त को कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है, जबकि 3 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी है। साथ ही गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। बिहार में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान है।








