जम्मू(आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली चलो कार्यक्रम और जम्मू में विरोध प्रदर्शन करने के बाद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने अपना अभियान तेज कर दिया है. पार्टी ने इसमें समाज के विभिन्न वर्गों को शामिल करने की योजना बनाई है.कांग्रेस पार्टी शुक्रवार 1 अगस्त को जम्मू में पर्यटक टैक्सी स्टैंड पर परिवहन और टैक्सी यूनियन के साथ चाय पे चर्चा का आयोजन करेगी. इसका उद्देश्य हमारी रियासत हमारा हक अभियान को तेज करना है, जिसका उद्देश्य जम्मू और कश्मीर के लिए राज्य का दर्जा बहाल करना था.प्रदेश कांग्रेस समिति के मुख्य मीडिया समन्वयक नीरज गुप्ता ने कहा, यह राज्य का दर्जा बहाल करने के अभियान को तेज करने की हमारी योजना की शुरुआत होगी । और इस दौरान ट्रांसपोर्टरों, व्यापारियों, वाणिज्य एवं उद्योग मंडलों तथा अन्य विभिन्न हितधारकों से मुलाकात की जाएगी ताकि उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल किया जा सके, जो जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक व्यक्ति के लिए है, चाहे वह किसी भी धर्म, क्षेत्र, पार्टी या पेशे का हो.
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस 5 अगस्त को काला दिवस के रूप में मनाएगी और 9 से 21 अगस्त तक पूरे जम्मू-कश्मीर में सिलसिलेवार भूख हड़ताल की जाएगी.
कांग्रेस पार्टी राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर आक्रामक रही है. पार्टी को हमारी रियासत हमारा हक अभियान के बाद श्रीनगर चलो, जम्मू चलो और दिल्ली चलो के आह्वान पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है.
5 अगस्त, 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया और जम्मू और कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों – जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया था. इसके बाद से राजनीतिक पार्टियां जम्मू-कश्मीर का राज्य दर्जा बहाल करने की मांग कर रही हैं.








