चोरी की तालिबानी सजा गार्ड को उल्टा लटकाकर डंडों से पीटा

Join Us

गुरुग्राम (आरएनएस)। साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-37 से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ चोरी के मामूली शक में एक प्राइवेट गार्ड को तालिबानी सज़ा दी गई। गार्ड को पहले रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाया गया और फिर डंडों से बेरहमी से पीटा गया। दिल दहला देने वाली इस घटना का वीडियो डेढ़ महीने बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद हरकत में आई गुरुग्राम पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लगभग डेढ़ मिनट का यह वायरल वीडियो किसी बहुमंजिला इमारत के पार्किंग एरिया का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो लोग एक शख्स के पैर रस्सी से बांधकर उसे लोहे के पाइप से उल्टा लटका रहे हैं। इसके बाद सफेद टी-शर्ट पहना एक व्यक्ति प्लास्टिक के पाइप से उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर देता है। पीडि़त लगातार हाथ जोडक़र माफी मांगता और गिड़गिड़ाता दिख रहा है, लेकिन उसकी चीखें किसी ने नहीं सुनीं। वीडियो में मौजूद अन्य लोग किसी सामान के चोरी होने की बात कर रहे हैं और पीडि़त पर चोरी का आरोप लगा रहे हैं।सोशल मीडिया पर दावों के अनुसार, यह घटना जून 2025 में सेक्टर-37सी में द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास स्थित एक सोसाइटी में हुई थी। आरोप है कि मामला सामने आने के बाद भी इसे डेढ़ महीने तक दबाए रखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है। कुछ यूजर्स ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट करने वाला व्यक्ति एक बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर है जो खुद को हरियाणा के एक केंद्रीय मंत्री का करीबी बताता है और अपनी पत्नी के हाईकोर्ट में वकील होने की धौंस दिखाकर पीडि़त को धमका रहा था।

 

Previous articleसुप्रीम कोर्ट ने कहा-बिहार एसआईआर में बड़े पैमाने पर बहिष्कार हुआ तो हस्तक्षेप करेंगे
Next articleमुठभेड़ कल ही क्यों हुई? ऑपरेशन महादेव पर अखिलेश ने उठाए सवाल,चीन को बताया राक्षस