सीजन में पहली बार भदभदा डैम से पहले खोले कलियासोत डैम के 3 गेट,अब तक छोड़ा गया 64.5 क्यूमैक मीटर पानी

Join Us

भोपाल (निप्र)। भोपाल में लगातार हो रही बारिश से शहर के जलस्त्रों का पानी तेजी से बढ़ रहा है। बारिश के इस सीजन में पहली बार भदभदा डैम से पहले कलियासोत डैम के तीन गेट खोले गए। जबकि अभी कलियासोत डैम 2.87 मीटर खाली है । इसके बावजूद कलियासोत डैम के मंगलवार को एक के बाद एक तीन गेट खोले गए। जिससे सुबह साढ़े ग्यारह बजे से लेकर देर रात तक कुल 64.5 क्यूमैक मीटर पानी छोड़ा गया।कलियासोत डैम एसडीओ नीरज चतुर्वेदी ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से डैम के गेट फुल टैंक लेवल से पहले ही खोल दिए हैं, क्योंकि जब केरवा, भदभदा और कलियासोत तीन डैम के गेट खुलते हैं, तब मंडीदीप में जलभराव हो जाता है। इसी बात को ध्यान में रखकर डैम के गेट एक के बाद एक कर तीन गेट खोल दिए गए। पहला गेट सुबह साढ़े ग्यारह बजे खोला गया। इसके बाद दूसरा गेट दोपहर 1.45 पर खोला गया। तीसरा गेट रात साढ़े आठ बजे खोल गया। इन तीनों गेट से कुल 64.5 क्यूमैक पानी छोड़ा गया।गौरतलब है कि पिछले साल भदभदा डैम के गेट खोलने के बाद कलियासोत डेम का एक गेट पहली बार दो अगस्त को खोल गया था। पूरे सीजन में कलियासोत डैम के गेट कुल चार बार खोले गए थे। तीन अगस्त को कलियासोत डैम के 13 गेट खोले गए। इसके बाद चार अगस्त को डैम के 11 गेट खोले गए और आखिरी बार 26 अगस्त को चार गेट खोले गए थे।
बड़ा तालाब भरने के लिए पांच फीट पानी की दरकार
राजधानी समेत प्रदेश में हो रही झमाझम बारिश से जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले बड़े तालाब का पेट भरने के लिए 5.1 फीट पानी की और दरकार है। बड़े तालाब का कुल भराव क्षमता 1666.80 फीट है, जबकि वर्तमान में भराव क्षमता 1661.70 फीट तक पहुंच चुका है । कलियासोत डैम का कुल भराव क्षमता 505.67 मीटर है, वर्तमान भराव क्षमता 502.80 मीटर पहुंच चुका है। केरवा डैम कुल भराव क्षमता 509.93 मीटर है, वर्तमान भराव क्षमता 504.14 मीटर पहुंच गया है।
 

 

Previous articleअपराध कैसे भी हों पुलिस त्वरित एक्शन सुनिश्चित करे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleअत्यधिक वर्षा के चलते 30 जुलाई को भोपाल के सभी स्कूलों में रहेगा अवकाश