विपक्ष के विरोध पर राजनाथ, स्पीकर समय दें हम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर पूरी रात चर्चा को तैयार

Join Us

 ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को बीजेपी सांसदों ने विजय का उत्सव करार दिया
नई दिल्ली (ए)। सोमवार संसद का मानसून सत्र शुरू होने के साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली है।भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सभी दलों को पहले ही विश्वास में लिया था। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वे उन नेताओं से डरती है, जो भारत और राष्ट्रवाद के पक्ष में बोलते हैं। विपक्षी दलों के नेताओं ने विदेश जाकर ऑपरेशन सिंदूर और भारत की ताकत का समर्थन किया, इससे कांग्रेस को डर है कि ये लोग उनके राजनीतिक दुश्मन बन जाएंगे।उन्होंने कांवड़ यात्रा पर विपक्ष के सवालों को लेकर तंज कसा और कहा कि विपक्ष को उम्मीद थी कि यात्रा में पत्थरबाजी होगी, लेकिन इस बार यात्रियों ने एक-दूसरे का स्वागत कर माला पहनाई, जिससे विपक्ष परेशान है।
भाजपा सांसद रवि किशन ने ऑपरेशन सिंदूर को विजय का उत्सव करार देकर कहा, हमारी सेना और सरकार ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। यह हमारे लिए गर्व का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए धन्यवाद।वहीं, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरी दुनिया को साफ संदेश दिया है कि भारत अब आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा, पहलगाम की घटना के बाद भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया, इस प्रहार को कई देशों ने समर्थन दिया। वहीं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने सत्र को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उत्सव बताकर कहा, जो लोग सेना के शौर्य और देश की जीत पर सवाल उठाते हैं, वे देश की सेवा को कमतर आंक रहे हैं। भारत आज सीधा जवाब देता है, फिर भी विपक्ष सवाल उठाता है।वहीं कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा से बचने का आरोप मोदी सरकार पर लगाया। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, हम चाहते हैं कि सदन में हर मुद्दे पर खुलकर चर्चा हो। केंद्र सरकार को ऑपरेशन सिंदूर और विजय उत्सव के बारे में स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धियों पर सवाल उठाकर कहा, पहलगाम के आतंकी कहां गए? मोदी सरकार को जवाब देना चाहिए। विदेश नीति बर्बाद है, किसान परेशान हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। इन मुद्दों पर भी चर्चा जरूरी है।
कांग्रेस सांसद कार्ति पी. चिदंबरम ने भी ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आंतकी घटना पर व्यापक बयान की मांग कर कहा, इंडिया गठबंधन ने अपनी स्थिति साफ कर दी है। हमें ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम, और एयर इंडिया दुर्घटना पर चर्चा करनी होगी। मोदी सरकार को हमारे अनुरोध पर सार्थक जवाब देना चाहिए।
लोकसभा के मानसून सत्र में सोमवार को बार-बार व्यवधान दिखाई दिया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदन को आश्वासन दिया कि मोदी सरकार पहलगाम हमले सहित राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों पर विस्तृत बहस के लिए पूरी तरह तैयार है। रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि मैं सांसदों को भरोसा दिलाता हूं कि सुरक्षा से जुड़े किसी भी मुद्दे पर, चाहे चर्चा कितनी भी लंबी क्यों न हो, हम पूरी तरह से चर्चा के लिए तैयार हैं। जब भी स्पीकर समय देते हैं हम चर्चा को पूरी तरह तैयार है।

Previous articleमुंबई लोकल ट्रेन ब्लास्ट : हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सभी 12 आरोपी बरी
Next articleइंडिया गठबंधन को तवज्जो नहीं