पटना से बंगाल तक पीछा… चंदन मिश्रा हत्याकांड का मुख्य आरोपी ‘बादशाह’ कोलकाता से गिरफ्तार

Join Us

पटना  (आरएनएस)। राजधानी पटना के राजा बाजार स्थित पारस एचएमआरआई अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में घुसकर चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी तौसीफ रजा उर्फ बादशाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। बिहार एसटीएफ और बंगाल एसटीएफ की एक संयुक्त टीम ने देर रात उसे कोलकाता के आनंदपुर इलाके से दबोच लिया।
इस बड़ी कार्रवाई में तौसीफ के साथ एक महिला, सचिन सिंह, यूनुस खान और हरीश सिंह को भी हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी घायल भी हुआ है। सूत्रों ने बताया कि तौसीफ को एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से वह कार भी बरामद कर ली गई है, जिसमें वह फरार होता दिखा था। हालांकि, बिहार पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी भी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
एसटीएफ को अपनी तकनीकी जांच में पहले ही पता चल गया था कि तौसीफ पश्चिम बंगाल में छिपा हुआ है। इसके बाद से ही बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस की टीमें लगातार वहां छापेमारी कर रही थीं। मामले में अहम सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला, जिसमें तौसीफ एक सफेद रंग की कार में बसंती हाईवे से होते हुए आनंदपुर, कोलकाता लेदर कॉम्प्लेक्स और भांगड़ थाना क्षेत्रों की ओर जाता दिखा था। फुटेज के आधार पर एसटीएफ की टीम लगातार उसका पीछा कर रही थी और शनिवार देर रात आखिरकार उसके ठिकाने तक पहुंच गई।
इससे पहले शुक्रवार की रात को भी कोलकाता से सटे न्यूटाउन के शापूरजी इलाके से शूटरों को लाने-ले जाने में मदद करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस गिरफ्तारी ने मुख्य आरोपी तक पहुंचने में पुलिस की काफी मदद की।

Previous articleनशे के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़ और मुंबई समेत 4 ठिकानों पर मारा छापा
Next articleयूपी पुलिस ने एक और धर्मांतरण रैकेट का किया पर्दाफाश, 10 लोग गिरफ्तार