फिर आई एयर इंडिया के विमान में खराबी, उड़ान भरते ही वापस की लैंडिंग

Join Us

हैदराबाद,(ए)। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से थाइलैंड के फुकेट के लिए शनिवार सुबह रवाना हुई एयर इंडिया का एक विमान तकनीकी कारणों से उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद वापस लौट आया। फ्लाइट संख्या आईएक्स110 सुबह 6:40 बजे हैदराबाद से रवाना हुई थी, जो तय समय से करीब 20 मिनट की देरी में थी। यह विमान फुकेट में सुबह 11:45 बजे लैंड होना था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वापस हैदराबाद लौट आया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विमान ने उड़ान तो भरी, लेकिन बहुत दूर नहीं जा सका और हैदराबाद में वापस सुरक्षित लैंडिंग की। हालांकि, इस समय तक एयरलाइन या एयरपोर्ट अधिकारियों की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है कि विमान को वापस क्यों लौटाया गया। यह एक बोइंग 737 मैक्स 8 विमान था। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल के दिनों में भारत में उड़ानों से जुड़ी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी सप्ताह दिल्ली से इम्फाल जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-5118 में तकनीकी खराबी आने के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद उसे लौटना पड़ा था। तकनीकी जांच के बाद विमान दोबारा दोपहर 12:30 बजे रवाना हुआ और 2:53 बजे इम्फाल पहुंचा, जो उसके निर्धारित समय 1:10 बजे से काफी देरी से था। इससे पहले 19 जून को दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली लौटना पड़ा था।
बता दें 6 मई को बैंकॉक से मास्को जा रही एअरोफ्लोट की फ्लाइट एसयू273 को दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी, जब विमान के केबिन में धुएं जैसी गंध महसूस की गई थी। अप्रैल में जेद्दाह से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट को संदिग्ध टायर पंचर की आशंका के चलते दिल्ली में आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी। उस समय विमान में 404 यात्री सवार थे, और उनको सुरक्षित उतार लिया गया था।

Previous articleराज ठाकरे के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका, गैर-मराठी नागरिकों पर हमलों को लेकर कार्रवाई की मांग
Next articleअमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी, 2.73 लाख से अधिक लोगों ने किए दर्शन